महुवा. बीकानेर के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में अभ्यास के दौरान ब्लास्ट में शहीद हुए सेना के जवान जितेंद्र सिंह राजपूत का शुक्रवार को राजकीय सम्मान के साथ पैतृक गांव गाजीपुर में अंतिम संस्कार किया गया। गमगीन माहौल में सैन्य टुकड़ी ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। शहीद के पुत्र दीपेंद्र सिंह ने मुखाग्नि दी। जिला कलक्टर देवेंद्र कुमार, एसपी रंजीता शर्मा व महुवा विधायक राजेंद्र मीणा सहित अन्य अधिकारियों ने शहीद की पार्थिव देह पर पुष्प चक्र अर्पित कर नमन किया। सेना और आरएसी के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इससे पूर्व शहीद सैनिक जितेंद्र सिंह राजपूत का शव लेकर सेना का वाहन जैसे ही महुवा क्षेत्र में पहुंचा तो युवाओं ने बाइकों पर सवार होकर जितेंद्र सिंह अमर रहे के नारे लगाते हुए देश भक्ति गीतों के साथ गाजीपुर तक तिरंगा रैली निकाली।
बिलख पड़ी पत्नी, बोली… मैं भी साथ जाऊंगी
जितेंद्र सिंह का पार्थिव शरीर को देखकर पत्नी रेखा बिलख पड़ी और बोलीं मैं भी साथ जाऊंगी। मुझे इनके साथ जाने दो। यह देख माहौल गमगीन हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने शहीद की पत्नी को संभाला।