Rajasthan Weather : राजधानी जयपुर में मौसम का मिजाज नरम, बादल छाने से सर्दी के तेवर ढीले

– राजधानी जयपुर में आज सवेरे से ही बादल छाए

– गुलाबी नगर में आज सवेरे तापमान रहा 11 डिग्री से​ल्सियस

जयपुर। राजधानी जयपुर सहित प्रदेश में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला है। आज सुबह बादल छाने से सर्दी के तेवर थोड़ नरम नजर आए। आज सवेरे राजधानी जयपुर में तापमान 11 ​डिग्रीसे​ल्सियस रहा। वहीं प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाने से सर्दी के तेवर थोड़े नरम नजर आए। मौसम विभाग के अनुसार, उत्तरी हवाओं से ​मौसम का मिजाज अब बदल रहा है। कश्मीर घाटी के मैदानी इलाकों में हालांकि बर्फवारी तो नहीं हुई है, लेकिन तापमान माइनस में रहने के चलते वहां पानी जम रहा है। ऐसी ही ​िस्थति हिमाचल प्रदेश में है।

जानकारी के अनुसार, प्रदेश के उत्तर पूर्वी इलाकों में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के असर से पारे का मिजाज सुधरा, लेकिन अब भी हाड़कंपाने वाली सर्दी और गलन बरकरार है। हालांकि आज सुबह बादलों की वजह से सर्दी के तेवर थोड़े नरम नजर आए। बीती रात शेखावाटी अंचल के फतेहपुर कस्बे में पारा करीब दस दिन बाद जमाव बिंदू से थोड़ा आगे खिसका, लेकिन सर्दी से लोग बेहाल रहे। मौसम विभाग ने अगले दो दिन तीन जिलों में अति शीतलहर और दस जिलों में शीतलहर का दौर जारी रहने की चेतावनी दी है।

कई जिलों में आज छाया कोहरा

जानकारी के अनुसार, आज सुबह प्रदेश के कई जिलों में कोहरा छाया रहा। पूर्वी जिलों में भरतपुर जिले में कई स्थानों पर घना कोहरा छाया हुआ है। ऐसे ही हालात दौसा जिले में दिखाई दिए। दौसा जिले के सिकंदरा में आज सुबह घना कोहरा छाया रहा। इस कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। दृश्यता कम होने की वजह से वाहन चालक हैड लाइट जलाकर व धीमी गति से चले। वहीं घने कोहरे व बादलों की वजह से लोग गर्म कपड़ों में लिपटे हुए नजर आए।

सुधरा पारे का मिजाज

सीकर जिले के फतेहपुर कस्बे में बीते दस दिनों से रात में पारा जमाव बिंदू से नीचे जमा रहा। वहीं विक्षोभ के असर से बीती रात कस्बे के कृषि अनुसंधान केंद्र पर न्यूनतम तापमान जमाव बिंदू से आगे बढ़कर 1.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि सुबह क्षेत्र में हल्का कोहरा छाया और सर्द हवा चलने से मौसम का मिजाज ठंडा रहा।

कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने अगले दो दिन सीकर, चूरू और हनुमानगढ़ में अति शीतलहर चलने की आशंका को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं अलवर, भरतपुर, दौसा, धौलपुर, झुंझुनूं, हनुमानगढ़, नागौर और श्रीगंगानगर जिले में शीतलहर को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। कोटा और भरतपुर संभाग में कल सुबह घना कोहरा छाए रहने की आशंका है।

पिंकसिटी में उछला पारा

राजधानी जयपुर में आज सुबह पारा 11 डिग्री सेल्सियस रहा। पारे में बढ़ोतरी के बाद भी शहर में बीती रात गलन के कारण मौसम सर्द रहा। शहर के बाहरी इलाकों में सुबह हल्की धुंध भी दिखाई दी। मौसम विभाग ने शहर में दिन के तापमान में आंशिक गिरावट होने की संभावना जताई है।

Leave a Comment