Rajasthan Crime : उदयपुर के वल्लभनगर थाना क्षेत्र में एक स्कूली छात्रा के साथ गैंग रेप की रिपोर्ट दर्ज होने के एक माह बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है। परिजनों का आरोप है कि पांच बदमाशों ने किशोरी से सामूहिक बलात्कार किया। पीड़िता ने नामजद रिपोर्ट दी। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं हुई। यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने एक माह में पीड़िता से कई बार बयान बदलवाने का दबाव बनाया। ऐसे में पुलिस ने किसी के दबाव में अब तक कार्रवाई नहीं की है।
पीड़िता की ओर से 25 अप्रेल को दी गई थी रिपोर्ट
पीड़िता की ओर से 25 अप्रेल को एक रिपोर्ट वल्लभनगर थाने में दी गई। पुलिस ने नाबालिग के साथ सामूहिक बलात्कार, जबरन वसूली, पॉक्सो एक्ट की धाराओं में केस दर्ज किया। रिपोर्ट के मुताबिक 15 साल की छात्रा के साथ 4 व्यक्तियों ने कई बार संबंध बनाए। उसके फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देकर रुपए भी ऐंठ लिए। मामला दर्ज होने के 12 दिन तक भी पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया। जबकि, इस दौरान आरोपियों की पहचान की जा चुकी थी।
पीड़िता के बयान भी दर्ज किए जा चुके थे। इसके बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने पर आईजी के नाम एक और परिवाद दिया गया। दूसरे परिवाद में एक और आरोपी का नाम लिखा, जिसे रिपोर्ट दिए जाने तक पीड़िता नहीं जानती थी। पुलिस ने पहली रिपोर्ट की कार्रवाई को वहीं रोककर, नए सिरे से दूसरे परिवाद की जांच शुरू कर दी। नतीजा ये कि रिपोर्ट दर्ज होने को करीब एक माह हो चुका है, लेकिन अब तक कार्रवाई नहीं हुई है।
परिवाद में यह बताया गया
पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने इंस्टाग्राम पर दोस्ती की और फिर सुनसान जगह ले जाकर बलात्कार किया। उसने वीडियो बनाया और वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करते हुए कई बार संबंध बनाए। वह पीड़िता को डबोक स्थित होटल द गैलेक्सी में भी ले गया और वहां भी संबंध बनाए। उसने ब्लैकमेल करके घर से रुपए मंगवाए।
एक बार आरोपी अपने दोस्त को लेकर आया और दोनों ने उसके साथ सामूहिक बलात्कार किया। फिर दोनों ब्लैकमेल करके रुपए ऐंठने लगे। इसी तरह से एक और आरोपी ने बहला-फुसलाकर संबंध बनाए। इनके अलावा एक परिचित ने अपने घर, होटल द गैलेक्सी और दोस्त के घर पर संबंध बनाए। वह भी धमकाकर रुपए मंगवाने लगा। एक अन्य अज्ञात आरोपी भी शामिल रहा, इसकी बाद में पहचान होने पर नाम सामने आया।
पीड़िता ने बताया कि पांचों आरोपी आपस में मिले हुए है, उन्होंने अलग-अलग समय में एक दूसरे की मदद करते हुए बलात्कार किया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने जांच पूरी नहीं की। घटनास्थल का नक्शा मौका नहीं बनाया। आर्थिक और राजनीतिक प्रभाव और दबाव के चलते कार्रवाई नहीं की।
केस की पूरी जानकारी नहीं, चल रही है जांच
केस की पूरी जानकारी नहीं। जांच चल रही है। महिला संबंधी अपराध के केस में नियमानुसार दो माह के दरमियान जांच पूरी करनी होती है। निर्धारित समय में जांच पूरी करके कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. अमृता दुहन, एसपी, उदयपुर
बल्कि जांच गंभीरता से की जाएगी
पहले दी रिपोर्ट से जांच लगभग हो चुकी थी, लेकिन फिर नया परिवाद दिया, इसमें कई तथ्य बदल गए। ऐसे में नए सिरे से जांच से देरी हुई। लापरवाही नहीं, बल्कि जांच गंभीरता से की जाएगी।
राजेंद्र जैन, डिप्टी, वल्लभनगर