बीकानेर। केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह के 25 मई को प्रस्तावित बीकानेर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर आ गया है। दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर चूक न हो, इसके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। सुरक्षा, यातायात, चिकित्सा और प्रोटोकॉल व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। सूत्रों के अनुसार गृह मंत्री के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और राज्य सरकार के कई मंत्री भी बीकानेर पहुंच सकते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन वीवीआईपी प्रोटोकॉल के अनुसार व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटा हुआ है।
यह वीडियो भी देखें
जिला प्रशासन की ओर से करीब 50 अधिकारियों की विशेष टीम गठित की गई है, जो दौरे से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की निगरानी करेगी। जिला कलक्टर की ओर से जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को अपने स्तर पर अतिरिक्त कार्मिक लगाने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही यह भी कहा गया है कि जिन कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी, उनके प्रवेश पत्र अनिवार्य रूप से तैयार किए जाएं, ताकि सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की परेशानी न हो। प्रशासनिक अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।
हल्दीराम अस्पताल में रिजर्व वार्ड तैयार
गृह मंत्री के दौरे को लेकर पीबीएम अस्पताल प्रशासन ने भी विशेष चिकित्सा व्यवस्थाएं की हैं। हल्दीराम हृदय रोग विभाग में अलग से एक वार्ड रिजर्व रखा गया है। यहां 24 घंटे चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कार्मिक तैनात रहेंगे। अस्पताल प्रशासन ने दौरे के दौरान चार एंबुलेंस तैयार रखने का निर्णय लिया है।
इनमें बीएसएफ कैम्पस, नाल एयरपोर्ट, सांचू बॉर्डर और पीबीएम अस्पताल में एक-एक एंबुलेंस तैनात रहेगी। सभी एंबुलेंस में हृदय रोग, मेडिसिन, अस्थि रोग और एनेस्थीसिया विशेषज्ञों की ड्यूटी लगाई गई है। साथ ही आवश्यक दवाइयों, चिकित्सा उपकरणों और लैब तकनीशियन की भी व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।
ब्लड रिजर्व भी तैयार
अस्पताल प्रशासन ने आपात स्थिति को देखते हुए ए पॉजिटिव ब्लड ग्रुप की विशेष व्यवस्था भी की है। दो यूनिट ब्लड एंबुलेंस में उपलब्ध रहेगा, जबकि दो यूनिट अतिरिक्त ब्लड रिजर्व में रखा गया है। प्रशासन का कहना है कि दौरे के दौरान सुरक्षा और चिकित्सा से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं पर लगातार निगरानी रखी जाएगी, ताकि किसी भी स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।