सीकर में सड़क चौड़ाईकरण के चार और प्रस्ताव तैयार, अब छह कॉलोनियों से बाइपास की होगी पहुंच

Road Widening Sikar News : सीकर। शिक्षानगरी के राधाकिशनपुरा मॉडल को अब शहरी सरकार ने पूरे शहर में लागू करने की तैयारी कर ली है। राधाकिशनुपरा के बाद पुरोहित जी की ढाणी, तहसील रोड, रामपुरा रोड के बाद अब नगर परिषद ने चार अन्य क्षेत्रों में इसी मॉडल को लागू करने की तैयारी कर ली है। खास बात यह है कि सभी क्षेत्रों में लोगों ने सड़क चौड़ाईकरण के लिए खुद अपने स्तर पर मकानों को तोड़ने का समर्थन किया है।

नगर परिषद के अभियान के बाद पुरोहित जी की ढाणी इलाके में 75 फीसदी से अधिक लोगों ने अपने स्तर पर अतिक्रमण हटा लिया। अब नगर परिषद ने पुरोहित जी की ढाणी में पानी की टंकी से लेकर बाईपास तक भी सड़क चौड़ाईकरण के प्रस्ताव को आगे बढ़ा दिया है। नगर परिषद की ओर से आरटीओ ऑफिस से बन्देमातरम चौक, रामपुरा रोड आदि क्षेत्रों की भी योजना तैयार की है।

इसलिए लोगों को रास आया सीकर मॉडल

1.जाम से राहत:

शहरवासियों की ओर से राधाकिशनपुरा मॉडल को पसंद करने के पीछे मुख्य वजह इलाके के लोगों को जाम से राहत मिलना है। जिन क्षेत्रों में सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है वहां काम शुरू होने से पहले तंग गलिया थी। योजना के तहत सड़क 40 से 50 फीट की होने से जाम से राहत मिलने की उम्मीद भी बंधी है।

2.ड्रेनेज व अंडर ग्राउण्ड लाइन

नगर परिषद की ओर से जिन क्षेत्रों में सड़कों की चौड़ाई बढ़ाई जा रही है वहां ड्रेनेज के साथ अंडर ग्राउण्ड बिजली लाइनों की योजना तैयार की है। इस वजह से जिन लोगों के घरों पर नगर परिषद की ओर से निशान लगाए गए उन्होंने इलाके के विकास के हिसाब से खुद अपने निर्माण को तोड़ लिया।

3.बाइपास से जुड़ाव:

राधाकिशनपुरा व पुरोहित की ढाणी इलाके में सड़कों की चौड़ाई बढ़ोतरी से बाइपास से जुड़ाव और भी सुगम हो गया है। पहले बाईपास से शहर में आने वाले लोगों को बजाज सर्किल या पिपराली चौराहे होते हुए आना पड़ता था। अब सड़कों की चौड़ाई बढ़ोतरी से राधाकिशनपुरा व पुरोहित जी की ढाणी से भी आ सकेंगे।

इन दो मार्ग को और चाहिए संजीवीनी

1.राणी शक्ति रोड से शीतला चौक

बीकानेर बाइपास शहर में आने वालों के लिए रानी शक्ति से शीतला चौका वाला मार्ग सबसे सुगम है। यहां भी यातायात का लगातार दवाब बढ़ रहा है। शहरवासियों का कहना है कि यदि इस मार्ग से भी अतिक्रमण हटाया जाता है तो काफी राहत मिल सकती है।

2.नगर परिषद से बस डिपो

नगर परिषद से बस डिपो जाने के लिए जाने वाला मार्ग काफी तंग है। यदि नगर परिषद की ओर से जोन में भी अतिक्रमण हटाया जाता है तो बजरंग कांटा पर लगने वाले जाम से काफी राहत मिल सकती है।

टॉपिक एक्सपर्ट…

मास्टर प्लान के हिसाब सड़कों की चौड़ाईकरण का काम शुरू किया है। सड़कों की चौड़ाई बढ़ोतरी के अभियान को आमजन से काफी समर्थन मिला है। नगर परिषद की राधाकिशनपुरा मॉडल को शहर के अन्य क्षेत्रों में भी लागू करने की योजना तैयार की है।
शशिकांत शर्मा, वरिष्ठ आयुक, नगर परिषद, सीकर