Nautapa News: राजस्थान में भीषण गर्मी का दौर अब और खतरनाक होने जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार 25 मई से नौतपा शुरू होते ही प्रदेश के कई जिलों में तापमान 47 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। फिलहाल अलवर, पिलानी, कोटा, चित्तौड़गढ़, श्रीगंगानगर, बाड़मेर और जैसलमेर जैसे शहरों में तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच बना हुआ है। इन जिलों में ही तापमान बढ़कर 48 डिग्री तक जा सकता है।
अगले कुछ दिनों में गर्म हवाओं और हीटवेव का असर
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों में गर्म हवाओं और हीटवेव का असर और तेज हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को को राजस्थान के 34 शहरों में से सिर्फ दो को छोड़कर सभी में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से 46 डिग्री तक था। श्रीगंगागनर जिला तो 46 डिग्री से भी ज्यादा की गर्मी झेल रहा था। आज भी श्रीगंगानगर और आसपास के जिलों में गर्मी तेज है और अधिकतम तापमान कल की तुलना में आज ज्यादा दर्ज किया गया है।
शुष्क हवाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा
आईएमडी जयपुर केंद्र की रिपोर्ट के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान में गर्म और शुष्क हवाओं का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है। श्रीगंगानगर में तापमान 46.5 डिग्री तक पहुंच चुका है, जबकि बाड़मेर और जैसलमेर में भी पारा तेजी से ऊपर जा रहा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि नौतपा के दौरान सूर्य की सीधी किरणों और साफ आसमान के कारण दिन में गर्मी चरम पर रहेगी। बड़ी बात ये है कि पिछले साल नौतपा के दौरान जितनी गर्मी थी, उतनी गर्मी तो नौतपा से पहले ही शुरू हो गई है।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
राज्य सरकार ने भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। प्रशासन ने दोपहर 12 बजे से 4 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने, ज्यादा पानी पीने और बच्चों व बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। अस्पतालों में हीट स्ट्रोक वार्ड तैयार किए जा रहे हैं और चिकित्सा विभाग को अलर्ट मोड पर रखा गया है।
विशेषज्ञों का कहना है कि इस बार मई के अंतिम सप्ताह में गर्मी पिछले कई वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ सकती है। खेतों में काम करने वाले किसान, मजदूर और सड़क पर काम करने वाले लोगों को सबसे ज्यादा सतर्क रहने की जरूरत है। मौसम विभाग ने अगले 4 से 5 दिनों तक गर्मी से राहत की कोई संभावना नहीं जताई है।