Ajmer Crime: महिला कांस्टेबल से रेप और ब्लैकमेलिंग मामला, फरार आरोपी सिपाही सेवा से बर्खास्त

Ajmer Crime: अजमेर। जिले में महिला कांस्टेबल से बलात्कार, ब्लैकमेलिंग और ठगी के गंभीर आरोपों में फरार चल रहे निलंबित सिपाही को पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने पुलिस सेवा से बर्खास्त कर दिया। आरोपी पर महिला कांस्टेबल का आर्थिक व शारीरिक शोषण करने के गम्भीर आरोप हैं। निलम्बन के बाद से आरोपी ड्यूटी से नदारद है। पुलिस अधीक्षक ने सिपाही के निलम्बन के बाद से ड्यूटी से नदारद रहने को गम्भीरता से लिया है।

आरोपी कांस्टेबल की फरारी के कारण पुलिस नोटिस तामील करने में विफल रही। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी सिपाही को सेवा से बर्खास्त कर दिया। प्रकरण की जांच कर रहे सीओ नॉर्थ शिवम जोशी सिपाही की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटे हैं।

यह है मामला

गत 6 मई को पीड़ित महिला कांस्टेबल ने सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज करवाया था । रिपोर्ट में बताया कि 2018 में डीएसटी में तैनात आरोपी कांस्टेबल ने विश्वास जीतकर उसके निजी जीवन में हस्तक्षेप शुरू किया । आरोपी ने अपनी बहन के सरकारी आवास पर नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील फोटो व वीडियो के जरिए ब्लैकमेलिंग करना शुरू कर दिया। इसके बाद आरोपी ने 2020 से 2025 के बीच करीब 28 लाख रुपए वसूल किए।

साथ ही पीड़िता के नाम पर लोन उठवाकर कार खरीदी ली और प्रॉपर्टी में निवेश के नाम पर रकम हड़प ली। आरोपी और उसके परिजन ने सोने के गहने भी हड़पकर गोल्ड लोन के लिए बैंक में गिरवी रख दिए। आरोपी ने पीड़िता का गर्भपात भी करवाया ।

नशे में उसके घर आकर नाबालिग बेटे के सामने अश्लील हरकतें करने के गम्भीर आरोप लगाए। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपी कांस्टेबल समेत उसकी बहन, भाई, पत्नी और जीजा समेत अन्य के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया ।

पीड़िता के अनुसार आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसे अपने जाल में फंसाकर अश्लील फोटो, वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। उसने शिकायत में बताया कि नवम्बर 2018 में आरोपी ने सरकारी आवास पर बुलाकर उसे नशीला पदार्थ पिलाकर रेप किया गया। होश में आने पर आरोपी ने कथित रूप से अश्लील वीडियो दिखाकर उसे धमकाया ।