राजस्थान के सिरोही में दिल दहला देने वाली घटना, मां ने 4 वर्षीय बेटे संग कुएं में लगाई छलांग

Sirohi Well Tragedy: सिरोही। राजस्थान के सिरोही जिले में हुई हृदयविदारक घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। 30 वर्षीय एक महिला ने देर रात अपने चार वर्षीय बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना मंडार क्षेत्र के वरमान-वेरिया रोड स्थित एक कुएं की है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर उपखंड अधिकारी सहित पुलिस मौके पर पहुंची।

प्रशासन और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से शवों को बाहर निकालने का प्रयास किया। लेकिन, कुएं में करीब 40 फीट से अधिक पानी होने के कारण रातभर कोशिश के बाद भी सफलता नहीं मिली। सिरोही जिला व जोधपुर का आपदा प्रबंधन दल ने सोमवार सुबह दो मोटर लगाकर पानी निकालने शुरू किया। टीम ने बच्चे का शव कुएं से बाहर निकाल लिया है। पुलिस ने शव को सरकारी अस्पाल की मोर्चरी में रखवाया है। फिलहाल, महिला के शव को बाहर निकालने के प्रयास जारी है।

कुंए में पानी व अंधेरे के कारण रेस्क्यू में आई दिक्कत

पुलिस के अनुसार मंडार क्षेत्र में 30 वर्षीय महिला ने रविवार देर रात अपने चार साल के बेटे के साथ कुएं में छलांग लगा दी। घटना की सूचना पर उपखंड अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, पुलिस प्रशासन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे। टीम ने रात में ही बचाव अभियान शुरू किया, लेकिन कुएं में पानी ज्यादा होने के कारण सफलता नहीं मिली।

जोधपुर से आई आपदा प्रबंधन की टीम

सोमवार सुबह जोधपुर से आपदा प्रबंधन की टीम बुलाई गई। कुएं में पानी ज्यादा होने के कारण रेस्क्यू टीम ने पानी को बाहर निकालने का निर्णय लिया। इसके बाद 2 मोटर लगाकर कुएं से पानी निकालने का कार्य शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद टीम को बड़ी सफलता मिली। रेस्क्यू टीम ने बच्चे का शव कुएं से बाहर निकाल लिया।

घटना से पूरे इलाके में फैली सनसनी

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि, अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी हुई है कि महिला अपने बच्चे के साथ कुएं में क्यों कूदी। फिलहाल, पुलिस अभी महिला के परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।