पाली में पुलिस की मेगा ‘रेड’: खोजी कुत्तों ने खोला राज… ड्रग नहीं, जमीन से निकले लाखों रुपए

Cash Recovered From Ground: पाली जिले में रोहट थाना क्षेत्र के डूंगरपुर (विश्नोईयों की ढाणी) में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब आधा दर्जन से अधिक पुलिस और खुफिया एजेंसियों की टीमों ने एक साथ दबिश दी। पुलिस को इनपुट मिला था कि यहां बड़े पैमाने पर अवैध मादक पदार्थ छुपाकर रखे गए हैं, लेकिन जब सर्च ऑपरेशन शुरू हुआ, तो जो हाथ लगा उसने सबके होश उड़ा दिए।

ड्रग्स तो नहीं मिली, पर जमीन के भीतर से लाखों रुपए का खजाना उगल पड़ा। पुलिस ने खोजी कुत्तों की मदद से जमीन के अंदर गड्ढे में 34 लाख 98 हजार 60 रुपए कैश बरामद किए हैं। मौके पर मौजूद आरोपी की पत्नी नकदी को लेकर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे सकी।

खोजी श्वानों ने किया कमाल

पुलिस के आने से पहले ही मुख्य आरोपी हेमाराम फरार हो चुका था। घर पर मौजूद उसकी पत्नी हीरादेवी की मौजूदगी में खोजी कुत्तों और आधुनिक उपकरणों के साथ पूरे घर और खेत की बारीकी से खाक छानी गई। काफी मशक्कत के बाद जब घर के मुख्य गेट के पास जमीन खोदी गई, तो पुलिस की आंखें फटी की फटी रह गईं।

जमीन के अंदर गड्ढे में 34 लाख 98 हजार 60 रुपए कैश छुपाकर रखे थे। जब पुलिस ने आरोपी की पत्नी से इस मोटी रकम के बारे में पूछा, तो वह कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे पाई। रोहट पुलिस ने इस बेहिसाबी रकम को जब्त कर लिया और अब हवाला या ड्रग मनी के एंगल से मामले की गहराई से जांच की जा रही है।

पुलिस का मेगा जॉइंट ऑपरेशन

ग्रामीण वृत्ताधिकारी अमर सिंह रतनू के निर्देशन में यह मेगा जॉइंट ऑपरेशन चलाया था। इसमें रोहट पुलिस, सदर थाना पुलिस, जैतपुर पुलिस, डीएसटी टीम, एएनटीएफ, जोधपुर की एटीएस और डॉग स्क्वायड की संयुक्त टीमों ने आरोपी हेमाराम विश्नोई के घर को चारों तरफ से घेर लिया।

ड्रग्स के साथ हवाला कनेक्शन का इनपुट

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्य आरोपी हेमाराम ड्रग्स तस्करी को लेकर पुलिस की रडार पर था। आरोपी के हवाला कारोबार से जुड़े लोगों के साथ संबंधों का इनपुट भी पुलिस को मिला था। पुलिस की धरपकड़ के चलते क्षेत्र में अवैध ड्रग्स तस्करी नेटवर्क से जुड़े लोग ड्रग्स को जमीन के अंदर गड्ढे में छिपाकर रख रहे हैं। इसको देखते हुए पुलिस ने छापेमारी के दौरान डॉग स्क्ववायड को भी कार्रवाई में शामिल किया है। रविवार को भी आरोपी हेमाराम के ठिकाने पर हुई छापेमारी में खोजी श्वानों ने जमीन में दफन इतनी बड़ी रकम का पर्दाफाश किया।