झुंझुनू। राजस्थान के झुंझुनू जिले के नवलगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार तड़के बदमाशों का पीछा करते समय पुलिस की गाड़ी पेड़ से टकरा गई। हादसे में एक कॉन्स्टेबल की मौत हो गई, जबकि थानाधिकारी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिस महकमे में शोक की लहर फैल गई। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से थार गाड़ी में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया है। प्रारंभिक जानकारी में दोनों के शराब के नशे में होने की बात सामने आई है।
बदमाशों का पीछा कर रही थी पुलिस
पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि घटना रविवार सुबह करीब पांच बजे की है। सीकर जिले के दादिया थाना क्षेत्र में पुलिस ने तड़के करीब तीन बजे से नाकाबंदी कर रखी थी। इसी दौरान हरियाणा नंबर की एक थार गाड़ी नाकाबंदी तोड़कर तेज रफ्तार में निकल गई। दादिया थाना पुलिस ने इसकी सूचना तुरंत नवलगढ़ पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद नवलगढ़ थाना पुलिस ने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।
पेड़ से टकराई गाड़ी
पुलिस के अनुसार पीछा करने के दौरान थार सवार बदमाशों ने अचानक गाड़ी को मोड़कर कच्चे रास्ते की तरफ दौड़ा दिया। इसी दौरान पुलिस वाहन को मोड़ने का प्रयास किया गया, लेकिन संतुलन बिगड़ने से गाड़ी सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना तेज था कि गाड़ी के अगले हिस्से को भारी नुकसान पहुंचा और उसमें सवार थानाधिकारी अजय सिंह तथा चालक कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल गंभीर रूप से घायल हो गए।
दोनों घायलों को तुरंत नवलगढ़ के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद कॉन्स्टेबल भींवाराम मेघवाल की हालत गंभीर होने पर उसे सीकर रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं थानाधिकारी अजय सिंह का नवलगढ़ अस्पताल में उपचार जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है।
घटना के बाद पुजारी की ढाणी के ग्रामीण सक्रिय हो गए और पीछा कर थार में सवार दोनों युवकों को पकड़ लिया। बाद में दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि थार गाड़ी से बीयर के केन भी बरामद हुए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवक शराब के नशे में थे। फिलहाल पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।