सवाईमाधोपुर। राजस्थान में नीट-2026 पेपर लीक मामले की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे नए खुलासे सामने आ रहे हैं। पेपर लीक कांड की आंच अब सवाईमाधोपुर के मेडिकल कॉलेज तक पहुंच गई है। आरोपी भाई दिनेश और मांगीलाल बिंवाल की गिरफ्तारी के बाद अब विकास बिंवाल सीबीआई के रडार पर है। लेकिन, चौंकाने वाली बात ये है कि मांगीलाल बिंवाल का बेटा 11 मई से रहस्यमय तरीके से गायब है।
मांगीलाल बिंवाल का बेटा विकास सवाईमाधोपुर के मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष का छात्र है। जांच एजेंसी अब उसका नेटवर्क खंगाल रही है। वहीं, दौसा में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही मांगीलाल बिंवाल की बेटी प्रगति बिंवाल भी कॉलेज नहीं आ रही है। जानकारी के अनुसार 11 मई से विकास बिना सूचना कॉलेज से गायब है। उसका गायब होना जांच को और पेचीदा बना रहा है।
12वीं में 55 प्रतिशत अंक और नीट-2025 में 85 प्रतिशत से अधिक अंक
विकास बिंवाल का अकादमिक रिकॉर्ड हमेशा औसत रहा है। 10वीं में 63 प्रतिशत और 12वीं में 55 प्रतिशत अंक पाने वाला यह छात्र नीट-2024 में केवल 270 अंक ही जुटा पाया था। कोचिंग टेस्ट में भी उसका औसत बेहद कमजोर रहा। इसके बावजूद नीट-2025 में उसने अचानक 85 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल कर सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज में दाखिला पा लिया। यही नहीं, मांगीलाल और उसके रिश्तेदारों के पांच सदस्य एक ही साल में अलग-अलग सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहुंच गए।
4 महीने तक अटेंडेंस शून्य
सीबीआई की जांच में सामने आया है कि विकास की कॉलेज अटेंडेंस जनवरी से अप्रेल तक लगभग शून्य रही। टेस्ट में भी वह या तो अनुपस्थित रहा या बेहद कम अंक लाया। लेकिन नीट-2025 में उसका प्रदर्शन चौंकाने वाला रहा। यही पैटर्न परिवार के अन्य सदस्यों में भी दिखा। अब एजेंसियां उनके परीक्षा रिकॉर्ड, कोचिंग टेस्ट, सोशल मीडिया पोस्ट और प्रचार सामग्री तक खंगाल रही हैं। दिनेश, मांगीलाल और उनके भाई घनश्याम के परिवार से सात सदस्य नीट परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से पांच सफल रहे। औसत दर्जे के विद्यार्थी अचानक शानदार अंक लेकर मेडिकल कॉलेजों में दाखिल हो गए। यही वजह है कि अब 2025 की नीट परीक्षा की पारदर्शिता पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।
परिवार के ये बच्चे ले रहे मेडिकल शिक्षा
जानकारी के अनुसार मांगीलाल और दिनेश बिंवाल की एक भतीजी सानिया जयपुर के सवाई मानसिंह मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस प्रथम वर्ष में अध्ययनरत है, जबकि दूसरी पलक महाराष्ट्र के मुंबई के एक मेडिकल कॉलेज में पढ़ रही है। आरोपी मांगीलाल का बेटा विकास सवाई माधोपुर मेडिकल कॉलेज और बेटी प्रगति दौसा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस की पढ़ाई कर रही है। दिनेश की बेटी गुंजन भी बनारस से मेडिकल शिक्षा प्राप्त कर रही है। सूत्रों के अनुसार दौसा मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत प्रगति बिंवाल पेपरलीक मामला सामने आने के बाद अवकाश आवेदन देकर कॉलेज से चली गई। उसके अचानक अनुपस्थित होने को लेकर भी क्षेत्र में चर्चा है।