डूंगरपुर। जिले के सदर थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने दो परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं। तीजवड़ घाटी के समीप तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस ने शनिवार सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर दोनों शव परिजनों को सौंप दिए।
पुलिस के अनुसार सतु देवकी निवासी सुमतीलाल पुत्र नारायणलाल पारगी ने सदर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट में बताया गया कि उसका बेटा राहुल पारगी, उसके साले का बेटा हेमेंद्र पुत्र दिनेश कलासुआ निवासी ऊपरगांव भागेला फला और विशाल परमार निवासी सीदड़ी, खेरवाड़ा शुक्रवार रात को एक ही मोटरसाइकिल पर डूंगरपुर से अपने गांव सतू देवकी लौट रहे थे।
दो युवकों की मौके पर हुई मौत
रास्ते में तीजवड़ स्कूल घाटी के पास अचानक तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि राहुल पारगी और हेमेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, विशाल गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। दोनों शवों को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया, जबकि घायल विशाल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
एक युवक उदयपुर रेफर
चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद विशाल की गंभीर हालत को देखते हुए उसे उदयपुर रेफर कर दिया। परिजनों ने उसे उदयपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां उसका इलाज जारी है।
विवाह में शामिल होने के लिए आए थे घर
इस हादसे ने दो परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। परिजनों ने बताया कि राहुल और हेमेंद्र दोनों गुजरात में मजदूरी करते थे। परिवार में 14 मई को आयोजित विवाह समारोह में शामिल होने के लिए दोनों घर लौटे थे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि यह उनका आखिरी सफर साबित होगा।
परिवार में मातम
राहुल अपने माता-पिता की इकलौती संतान था। उसके निधन के बाद परिवार में केवल उसकी दो बहनें रह गई हैं। वहीं हेमेंद्र शादीशुदा था और उसकी 10 माह की एक मासूम बेटी है, जो अब पिता के साये से वंचित हो गई। इस हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।