Karauli-Kailadevi Road : खुशखबर, कैलादेवी के भक्तों को मिलेगी बड़ी राहत, करौली-कैलादेवी तक बनेगी नई सड़क

Karauli-Kailadevi Road : प्रसिद्ध कैलादेवी आस्थाधाम की राह को अब सुगम करने की कवायद की जा रही है। आने वाले समय में करौली से कैलादेवी तक न केवल चमचमाती सड़क नजर आएगी, बल्कि सड़क की चौड़ाई 7 से बढ़ाकर 10 मीटर करने से वाहन फरटि से दौड़ते दिखेंगे। नई सड़क निर्माण होने के बाद जहां कैलामाता के लाखों भक्तों को राहत मिलेगी, वहीं क्षेत्र का आवागमन सुगम हो सकेगा।

सड़क के लिए सार्वजनिक निर्माण विभाग सपोटरा की ओर से करीब 20 करोड़ रुपए के प्रस्ताव बनाकर उच्च स्तर पर भिजवा दिए गए है। राज्य सरकार की और से इसी वर्ष बजट में कैलामाता के दरबार के लिए जाने वाली इस सड़क निर्माण के लिए 20 करोड़ रुपए की घोषणा की गई थी, जिससे उम्मीद है कि शीघ्र ही सडक निर्माण के लिए वित्तीय स्वीकृति जारी होगी और जल्द कार्य शुरू हो जाएगा।

गंगापुर मोड – कैलादेवी तक करीब 16 किमी सड़क मार्ग अच्छी स्थिति में नहीं

गौरतलब है कि गंगापुर मोड से कैलादेवी तक करीब 16 किलोमीटर का सड़क मार्ग वर्तमान में अच्छी स्थिति में नहीं है। कई जगह सड़क उखड़ी पड़ी हैं तो कहीं बेशुमार गड्ढे हो रहे हैं। इसके चलते सुगम आवागमन में रोड़ा बना हुआ है। वहीं सड़क की चौड़ाई भी पर्याप्त नहीं हैं। ऐसे में वाहनों के आवागमन के साथ ही कैलामाता की पदयात्रा को जाने वाले यात्रियों को सड़क पर ही चलने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती हैं। अब नए प्रस्ताव में सड़क के तीन मीटर चौड़ी होने से राहत मिलेगी।

चैत्र लक्खी मेले : माता के दरबार में आते हैं करीब 40 लाख श्रद्धालु

उल्लेखनीय है कि कैलामाता के दरबार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में कई प्रांतों से श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं। चैत्र लक्खी मेले के दौरान तो 30 से 40 लाख श्रद्धालु माता के दरबार में आते हैं, लेकिन गौरतलब है कि गंगापुर मोड़ की सड़क के खराब होने से आवागमन बाधित होता है।

जलभराव वाले क्षेत्रों में बनेंगी नालियां

कैलादेवी मार्ग पर कई गांव सड़क किनारे स्थित हैं, जहां सड़क पर ही जलभराव की समस्या रहती है। इससे एक और तो अवागमन बाधित होता है. वहीं जलभराव से सड़क भी क्षतिग्रस्त होती है। ऐसे में जहां-जहां जलनराव की समस्या है, वहां तीन किलोमीटर क्षेत्र में जलनिकासी के लिए नालियों का निर्माण भी कराया जाएगा।

हटेगी पुरानी डामर, नए सिरे से होगा निर्माण

गंगापुरसिटी मोड़ से कैलादेवी तक की वर्तमान सड़क में साढ़े 9 किलोमीटर सीसी सड़क का निर्माण हो रहा है, जबकि शेष साढ़े छह किलोमीटर डामर की सड़क बनी हुई है। सानिवि सूत्रों के अनुसार वर्तमान में यह सड़क 7 मीटर की बनी हुई है, जिसे 10 मीटर चौड़ा किया जाएगा। सीसी सड़क को तो यथावत रखते हुए इसके दोनों और डेढ़-डेढ़ मीटर की इंटरलॉकिंग सड़क का निर्माण कराया जाएगा, जबकि शेष डामर सड़क को पूरी तरह से हटाया जाएगा। नए सिरे से पत्थर की गिट्टियों की कुटाई करके नई डामर डाली जाएगी। इसको भी 10 मीटर की बनाया जाएगा।

प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भिजवाए

कैलादेवी आस्थाधाम के लिए सड़क निर्माण के बजट में घोषणा हुई थी। इसके लिए करीब 20 करोड़ रुपए के प्रस्ताव तैयार कर उच्च स्तर पर भिजवा दिए हैं। सड़क 10 मीटर में बनेगी। सीसी सड़क के दोनों ओर डेढ़-डेढ़ मीटर की इंटरलॉकिंग कराई जाएगी, जबकि डामर सड़क को पूरी तरह नए सिरे से तैयार कराया जाएगा।
शरतकुमार मीना, अधिशासी अभियंता, पीडब्ल्यूडी