Jaipur Triple Murder: जयपुर: नवंबर-2023 के चर्चित तिहरे हत्याकांड के मुख्य गवाह करण सिंह शेखावत ने मालवीय नगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। करण सिंह के मुताबिक, जेल में बंद आरोपी शिव प्रताप सिंह उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दे रहा है।
मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल कर रहा
गवाह करण सिंह शेखावत का आरोप है कि पिछले दो महीनों से आरोपी अलवर जेल के अंदर से मोबाइल और व्हाट्सएप कॉल कर रहा है। करण सिंह के अनुसार, आरोपी शिव प्रताप सिंह हर बार कॉल पर कहता है, मेरे पंगा मत लो, वरना जैसे गीता देवी की बहू और बच्चों को मारा, वैसे ही तुम्हारे बच्चों को भी मार डालूंगा।
क्या ‘डिजिटल निगरानी’ कर रहा आरोपी
डरावनी बात यह है कि जेल में बंद होने के बावजूद आरोपी शिव प्रताप सिंह को यह तक पता होता है कि करण सिंह शेखावत के बच्चे घर में क्या कर रहे हैं या आसपास की दुकान से क्या सामान लेकर आए हैं। आरोपी की इस ‘डिजिटल निगरानी’ ने परिवार की रातों की नींद उड़ा दी है।
डिप्रेशन और आर्थिक संकट का साया
धमकियों के कारण करण सिंह शेखावत का पूरा परिवार डरा हुआ है। खौफ के चलते वे काम पर नहीं जा पा रहे हैं, जिससे आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। शेखावत अब डिप्रेशन की दवाइयां लेने को मजबूर हैं।
सुरक्षा को लेकर पत्नी भयभीत
उनकी पत्नी रितु कंवर ने बताया कि वे हर पल बच्चों की सुरक्षा को लेकर भयभीत रहती हैं। क्योंकि आरोपी पहले भी दो मासूम बच्चों की बेरहमी से हत्या कर चुका है।
गुहार लगाने के बाद भी सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं
पीड़ित परिवार का कहना है कि उन्होंने पुलिस प्रशासन से सुरक्षा की गुहार लगाई है, लेकिन अब तक कोई पुख्ता इंतजाम नहीं हुए।
‘सुरक्षा दो, वरना आप जिम्मेदार’
रितु कंवर ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि उनके बच्चों को कुछ भी होता है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और जेल विभाग की होगी। जेल के अंदर से लगातार आ रहे इन कॉल्स ने जेल प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोल दी है।