बानसूर में खौफनाक मंजर: बुटेरी गांव में फायरिंग से दहश़त, एक युवक के कंधे में लगी गोली

बानसूर के बुटेरी गांव में शनिवार की रात किसी फिल्मी सीन जैसी खौफनाक रही। यहाँ अपराधियों के हौसले इतने बुलंद दिखे कि उन्होंने न केवल अंधाधुंध फायरिंग की, बल्कि गाड़ियों को भी आपस में टकराकर दहशत फैला दी। घटना रात करीब 8:30 बजे की है जब बुटेरी स्टैंड पर अचानक गोलियों की तड़तड़ाहट सुनाई देने लगी। बदमाशों ने एक युवक को निशाना बनाते हुए तीन से चार राउंड फायर किए।

इस हमले में बांस पहाड़ी निवासी अनिल पुत्र गोवर्धन गुर्जर के कंधे में गोली लगी। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने पहले गाड़ियों से टक्कर मारी और फिर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुए इस हमले से इलाके में भगदड़ मच गई और ग्रामीण अपने घरों में दुबक गए।

गंभीर हालत में जयपुर रेफर, आरोपी फरार

गोली लगने से लहूलुहान हुए अनिल को तुरंत कोटपूतली के बीडीएम जिला अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए और शरीर के भीतर गोली की लोकेशन को भांपते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उसे तत्काल जयपुर रेफर कर दिया। फिलहाल जयपुर में उसका इलाज जारी है।

घटना की सूचना मिलते ही बानसूर डीएसपी मेघा गोयल भारी पुलिस जाब्ते के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने मौका-ए-मुआयना किया और पीड़ित के बयान दर्ज किए। घायल अनिल ने पुलिस को बताया कि जब वह घर जा रहा था, तब संदीप, हिमांशु, बलबीर और उनके अन्य साथियों ने उस पर हमला किया। हमलावर वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार होने में कामयाब रहे।

गैंगवार की चर्चा, पुलिस का इनकार

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो और वारदात के तरीके को देखकर स्थानीय लोग इसे गैंगवार से जोड़कर देख रहे हैं। बुटेरी गांव और आसपास के क्षेत्रों में इसे लेकर भारी तनाव और दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस प्रशासन फिलहाल इसे गैंगवार मानने से इनकार कर रहा है।

डीएसपी मेघा गोयल ने स्पष्ट किया कि प्रथम दृष्टया यह मामला पुरानी आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जगह-जगह दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा। लेकिन सरेआम हुई इस फायरिंग ने ग्रामीणों के मन में सुरक्षा को लेकर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है।