धौलपुर. जिले के प्रमुख पर्यटन एवं धार्मिक स्थल मचकुंड सरोवर पर पत्रिका के अमृतम् जलम् अभियान की शुरुआत हुई। अभियान में शहरवासियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम के दौरान यहां सरोवर के मुख्य घाट के सामने और घाट पर पड़ी गंदगी की सफाई की गई। गंदगी को हटाकर एक स्थान एकत्र किया गया। अभियान के दौरान यहां भ्रमण करने वाले आने वाले लोगों से धार्मिक स्थल पर साफ-सफाई का ख्याल रखने और कचरा और पूजन सामग्री इत्यादि को तय पात्र में ही डालने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में लाडली जगमोहन मंदिर महंत कृष्णदास महाराज, लब्बो शर्मा, कृष्ण कुमारी सचिव, रूपेश मित्तल, वीरू बघेल, सचिन मित्तल, सौरभ मित्तल, अर्जुन व राहुल समेत अन्य ने यहां सरोवर के पास और घाटों की सीढिय़ों पर सफाई की। सीढिय़ों पर नीचे की तरफ पड़ी गंदगी को हटाकर सफाई कर्मियों की हाथ गाड़ी में डलवाया गया।
पूजा सामग्री कुंड में न डालने का आह्वान
अभियान के दौरान लाडली जगमोहन मंदिर के महंत कृष्णदास ने यहां मचकुंड सरोवर पर धार्मिक कार्यक्रम को लेकर आए लोगों को पूजन सामग्री और प्लास्टिक पॉलिथिन इत्यादि वस्तु यहां कुंड और सीढिय़ों पर नहीं डालने का आह्वान किया। कहा कि धार्मिक स्थल की पवित्रता और सुंदरता बनाए रखना सभी का कार्य है। शर्मा ने कहा कि तीर्थराज मचकुंड तीर्थों का भांजा है और यह धौलपुर की पहचान है, इसको सुंदर और स्वच्छ बनाने का कार्य हम सभी का है।
सरोवर की सफाई को लेकर की खबरें प्रकाशित
मचकुंड सरोवर में सर्दियों के दौरान पानी ठहराव और यहां घाटों पर पड़ी गंदगी से यहां दुर्गंध हो गई थी। जिस पर पत्रिका ने धार्मिक स्थल पर हो रही अनदेखी को लेकर खबरें प्रकाशित की। जिस पर जिला प्रशासन ने मामले को संज्ञान में लिया और कुंड के घाटों पर एकत्र हो रही गंदगी को हटवा कर सफाई करवाई। बाद में यहां पर मचकुंड परिसर की नियमित सफाई के लिए दो सफाई कर्मचारी नियुक्त किए गए, जिससे अब यहां पर रोजाना सफाई हो रही है।