Dog Biting Case: बूंदी जिले के तालेड़ा उपखंड क्षेत्र के अल्कोदिया गांव में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। जिसमें 10 वर्षीय रिंकू पर श्वानों ने हमला किया और उसकी दर्दनाक मौत हो गई। वह रोजाना की तरह सुबह उठकर स्कूल जाने के लिए तैयार हो रही थी और शौच के लिए झोपड़ी से कुछ दूर गई थी। इस दौरान आवारा श्वानों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया।
बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसके परिजन और गांववाले दौड़े लेकिन तब तक श्वान उसे बुरी तरह नोंच चुके थे।
चिकित्सकों ने किया मृत घोषित
परिजनों ने गंभीर रूप से घायल रिंकू को तालेड़ा अस्पताल में भर्ती कराया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। श्वानों के हमले में उसके शरीर के कई हिस्सों में गंभीर घाव पाए जो उसकी मौत का कारण बने।
घटना के बाद तालेड़ा थाना पुलिस और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। मासूम के शव का पोस्टमार्टम तालेड़ा अस्पताल में मेडिकल बोर्ड से करवाया।
दो पक्षों में झगड़ा, 3 जने घायल
बूंदी जिले के दूसरे मामले में हिण्डोली थाना क्षेत्र के ग्राम तालाब गांव में रविवार शाम को एक गाड़ी में स्क्रैच करने के मामले को लेकर दो गुटों में झगड़ा हो गया, जिससे तीन जने घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार तालाब गांव में कुछ बालकों ने घर के बाहर खड़े गाड़ी के स्क्रैच कर दिए, जिस पर दूसरे पक्ष के लोगों ने एतराज किया। इस पर दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। दोनों पक्ष के लोग हिण्डोली थाने पहुंच गए हैं।
पुलिस ने बताया कि मारपीट में दो जने घायल हुए हैं। देर शाम तक दोनों पक्षों के लोग थाने में एकत्र रहे। थाना प्रभारी मुकेश यादव ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से रिपोर्ट नहीं दी गई है। मामला दर्ज होने के बाद जांच शुरू कर दी जाएगी।