Husband Killed Wife Over Family Dispute: जयपुर के प्रतापनगर थाना क्षेत्र में 22 अप्रेल को हुई महिला की संदिग्ध अवस्था मौत के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। मेडिकल जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि महिला की मौत दम घुटने से हुई थी। गले पर दबाव और घोंटने के स्पष्ट निशान मिलने के बाद मामला हत्या का साबित हुआ।
पुलिस पहले ही आरोपी पति को गिरफ्तार कर चुकी है। पुलिस के अनुसार आरोपी कोटा रेलवे स्टेशन क्षेत्र की सरस्वती कॉलोनी निवासी वीरेंद्र लोधी (40) और उसकी पत्नी मीरा के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। आए दिन झगड़े होते थे।
मीरा बार-बार पीहर जाने की जिद कर रही थी, लेकिन वीरेंद्र इसके लिए तैयार नहीं था। 22 अप्रेल को इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने पहले पत्नी से मारपीट की और फिर चुन्नी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपी ने सबूत छिपाने और परिजनों को गुमराह करने की साजिश रची। उसने अपने 11 वर्षीय बेटे और 3 वर्षीय बेटी को कार की आगे की सीट पर बैठाया और पत्नी के शव को पीछे रखकर जयपुर से कोटा लेकर आ गया।
रास्ते में उसने ससुराल पक्ष को फोन कर बताया कि मीरा की तबीयत खराब है और वह उसे डॉक्टर के पास ले जा रहा है। कुछ देर बाद उसने मौत की सूचना दे दी और फोन उठाना बंद कर दिया।
परिजनों ने एसपी को दी थी शिकायत
गौरतलब है कि परिजनों को शुरुआत से ही शक था। कोटा पहुंचकर जब उन्होंने शव देखा तो गले पर निशान स्पष्ट नजर आए। इसके बाद उन्होंने कोटा एसपी कार्यालय पहुंचकर हत्या की आशंका जताते हुए शिकायत दी।
रेलवे कॉलोनी थाने में जीरो नंबर एफआईआर दर्ज कर मामला जयपुर के प्रतापनगर थाने को भेजा गया। जयपुर प्रताप नगर थानाधिकारी पूरणमल यादव ने बताया कि परिजनों की मांग पर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया गया, जिसमें दम घुटने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बार-बार कॉल काट रहा था
मृतका के भाई केशव ने बताया कि आरोपी ने फोन पर बहन की मौत की सूचना दी, लेकिन बार-बार कॉल काट रहा था और जयपुर में रुकने की बात भी नहीं मानी। इससे शक और गहरा हो गया।
कोटा पहुंचने पर गले पर दबाने के निशान साफ दिखाई दिए। पुलिस के अनुसार आरोपी का जयपुर में माइनिंग पार्ट्स का कारोबार है। शादी को करीब 15 साल हो चुके थे और दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। फिलहाल दोनों बच्चे आरोपी के पिता के पास हैं। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।