राजस्थान के अलवर जिले में पिछले कई दिनों से पड़ रही चिलचिलाती धूप और उमस से परेशान लोगों के लिए बुधवार की सुबह अच्छी रही। सुबह तड़के से ही आसमान में काले बादलों ने डेरा डाल लिया और ठंडी हवाएं चलने लगीं। मौसम के इस अचानक आए बदलाव से न केवल पारे में गिरावट दर्ज की गई, बल्कि धूल भरी आंधी और बारिश ने शहर से लेकर गांव तक फिजा बदल दी।
ग्रामीण इलाकों में बारिश और ओलावृष्टि
जिले के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। पिनान क्षेत्र में सुबह की शुरुआत धूल भरी आंधी के साथ हुई, जिसके बाद आसमान में बिजलियां चमकने लगीं और तेज गर्जना के साथ बारिश शुरू हो गई। वहीं राजगढ़ और इसके आसपास के इलाकों में भी बादलों की तेज गड़गड़ाहट के साथ रुक-रुक कर बारिश का दौर चलता रहा, जिससे तपती सड़कों को ठंडक मिली।
सकट में ओले
सबसे ज्यादा असर सकट क्षेत्र में देखा गया, जहां सुबह के समय न केवल बारिश हुई, बल्कि कुछ देर के लिए बेर के आकार के ओले भी गिरे। हालांकि दोपहर होते-होते बादल छंटने लगे और सूरज की तपिश फिर से महसूस की गई, लेकिन सुबह की ठंडक का असर बरकरार रहा।
आगामी दिनों का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के अनुसार राजस्थान के ऊपर बने एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के सक्रिय होने के कारण अलवर और आसपास के जिलों में यह बदलाव देखा जा रहा है। आगामी 2 से 3 दिनों तक अलवर जिले में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है।
अलवर शहर
मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में जिले के कुछ हिस्सों में धूल भरी आंधी चल सकती है और छिटपुट स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। इसके बाद तापमान में फिर से 2-3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। किसानों को सलाह दी गई है कि वे अपनी कटी हुई फसलों और मंडियों में रखे अनाज को सुरक्षित स्थानों पर ढक कर रखें।
पिनान
क्योंकि अचानक आने वाले बादलों से हल्की बारिश की संभावना अभी बनी हुई है। कुल मिलाकर आज हुई इस बारिश ने गर्मी झेल रहे लोगों को कुछ समय के लिए सुकून के पल दिए हैं। फिलहाल, जिले के तापमान में गिरावट दर्ज होने से शाम का मौसम भी सुहावना होने की संभावना है।