Ajmer News: उम्रदराज अविवाहित व्यक्तियों को अपने जाल में फंसाती थी, गिरफ्तार

अजमेर-सराधना। शादी का झांसा देकर धोखाधड़ी करने और बाद में नकदी व जेवरात लेकर फरार होने वाली महिला (लुटेरी दुल्हन) को मांगलियावास थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस रकम लेकर भागे लुटेरी दुल्हन के साथियों की तलाश में जुटी है।

पुलिस के अनुसार ग्राम जेठाना निवासी सुनील वैष्णव ने 26 अप्रेल को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि गांव के एक परिचित के माध्यम से शादी कराने का भरोसा दिलाया। इसके बाद दलाल के जरिए डेढ़ लाख रुपए में एक महिला से मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह कराया गया।

रिपोर्ट में बताया कि विवाह के बाद महिला ने घर पर संदिग्ध व्यवहार करना शुरू कर दिया और वापस अपने गांव जाने की जिद करने लगी। रुपए वापस मांगने पर उसने रकम दलाल द्वारा लौटाने की बात कही।

वैष्णव ने जब विवाह के दस्तावेज देखे तो लिव-इन रिलेशनशिप के कागजात तैयार कर धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया। इस पर पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर धोखाधड़ी का मामला दर्जकर जांच शुरू कर दी।

आरोपी महिला को पकड़ा

इधर, पुलिस ने त्वरित अनुसंधान, आसूचना व तकनीकी सहायता से आरोपी महिला पूजा राय उर्फ फिरोजा बीबी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला गांवों में उम्रदराज अविवाहित व्यक्तियों को अपने जाल में फांसकर ठगी का शिकार बनाती है। शादी के बाद कुछ समय घर में रहकर नकदी, सामान और जेवरात लेकर फरार हो जाती थी।

अन्य की तलाश शुरू

एएसपी ग्रामीण दीपक शर्मा, वृताधिकारी अजमेर ग्रामीण रामचन्द्र चौधरी के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर मांगलियावास थाना पुलिस व रिजर्व पुलिस लाइन के पुलिसकर्मियों ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी फिरोजा बीबी से पूछताछ कर उसके गिरोह में शामिल अन्य संभावित वारदातों के संबंध में जांच कर रही है।