लक्ष्मणगढ़ थाना क्षेत्र के हरसाना गांव में आपसी रंजिश के चलते मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। आरोप है कि पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए एक युवक ने एक परिवार के बाड़े में आग लगा दी, जिसमें छह बेजुबान पशु गंभीर रूप से झुलस गए और किसानों की कड़ी मेहनत से संजोया गया लाखों रुपये का अनाज और चारा राख में तब्दील हो गया।
शराब के विवाद से शुरू हुई दुश्मनी
पीड़िता गल्लो देवी ने पुलिस को दी गई रिपोर्ट में बताया कि विवाद की शुरुआत 20 अप्रैल से हुई थी। आरोपी अनिल मीना ने घर के पास शराब की बोतल फेंककर जानबूझकर झगड़ा शुरू किया। जब परिवार ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने पीड़िता के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इतना ही नहीं, पीड़िता ने आरोप लगाया कि रविवार रात को भी आरोपी ने उनके घर पर पत्थर और कांच की बोतलें फेंकी थीं।
देर रात बाड़े को बनाया निशाना
आरोपी का असली चेहरा रविवार रात करीब 2 बजे सामने आया। जब पूरा परिवार सो रहा था, तभी बाड़े से आग की भीषण लपटें उठती दिखाई दीं। ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक बाड़ा जलकर खाक हो चुका था।
इस भीषण अग्निकांड में किसान परिवार की पूरी जमा-पूंजी जल गई। आग की चपेट में आने से दो गर्भवती भैंसें और तीन पाडियां गंभीर रूप से झुलस गईं। इसके अलावा, घर में रखा करीब 30 क्विंटल सरसों, 20 क्विंटल गेहूं और 100 मन तूड़ा जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही तहसीलदार हरदयाल सिंह और पटवारी अजय नागपाल मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
ग्रामीणों में भारी आक्रोश
घटना के बाद से क्षेत्र में भारी आक्रोश है। भाजपा नेता मुकेश पटेल, उप प्रधान योगेश पटेल और सरपंच प्रभुदयाल मीना सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तुरंत प्रभाव से उचित आर्थिक सहायता देने की मांग की है ताकि वे दोबारा अपना जीवन व्यवस्थित कर सकें।
फिलहाल पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर आरोपी अनिल मीना के खिलाफ नामजद मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इस घटना ने पूरे गांव को सदमे में डाल दिया है।