Rajasthan: भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का आज पहला राजस्थान दौरा; जानें दौरे का पूरा शेड्यूल

BJP President Rajasthan Tour: भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन सोमवार को जयपुर और टोंक के दौरे पर रहेंगे। अध्यक्ष बनने के बाद यह उनका पहला राजस्थान दौरा है, जिसे लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। नवीन टोंक में सभा करेंगे और जयपुर में प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे। दोपहर बाद जयपुर में रोड शो का भी कार्यक्रम प्रस्तावित है।

यह रहेगा दौरे का कार्यक्रम

भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी के अनुसार, नवीन सुबह 10:30 बजे जयपुर एयरपोर्ट पहुंचेंगे और 11:15 बजे हेलीकॉप्टर से टोंक पहुंचेंगे। यहां 11:30 बजे टोंक जिला भाजपा कार्यालय का उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही बूंदी, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, चूरू, पाली और बाड़मेर जिला कार्यालयों का वर्चुअल उद्घाटन तथा जालौर कार्यालय का शिलान्यास किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे।

टोंक कार्यक्रम के बाद नवीन दोपहर 2:30 बजे जयपुर लौटेंगे। एयरपोर्ट पर मंत्रिमंडल सदस्यों की ओर से स्वागत के बाद बाहर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इसके बाद एयरपोर्ट से भाजपा मुख्यालय तक भव्य रोड शो होगा। दिनभर के कार्यक्रमों के बाद नवीन देर रात दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

मार्ग में कई स्थानों पर स्वागत, बाइक रैली भी शामिल

वर्ल्ड ट्रेड पार्क, शिक्षा संकुल, कनोडिया कॉलेज, जेडीए सर्किल, अंबेडकर सर्किल, बाइस गोदाम और राजमहल पैलेस सहित कई स्थानों पर मंच बनाकर स्वागत किया जाएगा। युवा मोर्चा बाइक रैली के साथ काफिले की अगुवाई करेगा, जबकि विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता अलग-अलग जगहों पर अभिनंदन करेंगे।

पारंपरिक स्वागत और अहम बैठकें

राजमहल पैलेस पर महिला मोर्चा द्वारा कलश यात्रा के साथ पारंपरिक स्वागत होगा। भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचने पर लोक कलाकार ढोल-नगाड़ों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से स्वागत करेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रदेश पदाधिकारियों और कोर कमेटी की बैठक लेंगे।

वीआईपी मूवमेंट से यातायात व्यवस्था बदली, कई मार्ग डायवर्ट

सोमवार को प्रस्तावित वीआइपी मूवमेंट को देखते हुए पुलिस के अनुसार एयरपोर्ट से जवाहर सर्किल, जवाहर लाल नेहरू मार्ग होते हुए विभिन्न प्रमुख चौराहों से भाजपा कार्यालय तक रूट निर्धारित किया गया है। पुराना बाइपास अंडरपास, दुर्गापुरा बस स्टैंड, खंडाका कट, गोपालपुरा पुलिया सहित कई प्रमुख रास्तों से आने-जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा।
रामबाग, गांधी सर्कल और अंबेडकर सर्किल के आसपास यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है। कार्यक्रम के दौरान बसों और कारों की पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थान निर्धारित किए गए हैं। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर यातायात व्यवस्था में सहयोग करें।