अलवर शहर में वाहन चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे सुरक्षा के आधुनिक और हाईटेक फीचर्स को भी चुनौती देने लगे हैं। एनईबी थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में एक निजी अस्पताल के डॉक्टर की ‘क्रेटा’ कार चोरी होने का मामला सामने आया है। हैरान करने वाली बात यह है कि चोरों ने पुश-बटन स्टार्ट तकनीक वाली इस कार को महज कुछ ही मिनटों में अनलॉक कर स्टार्ट कर लिया, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
क्या है पूरा मामला?
पीड़ित डॉक्टर सत्येंद्र मित्तल के अनुसार वह शनिवार रात अपनी ड्यूटी खत्म कर घर लौटे थे। उन्होंने अपनी कार एनईबी हाउसिंग बोर्ड स्थित सुभाष नगर के मकान संख्या 245 के बाहर सुरक्षित पार्क की थी। रविवार सुबह जब वे घर से बाहर निकले, तो उन्हें कार अपनी जगह पर नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने घर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें पूरी वारदात कैद थी।
वाहन मालिकों के लिए बढ़ी चिंता
फुटेज में दिखाई दे रहा है कि रात करीब 3:20 बजे एक स्विफ्ट डिजायर कार में सवार होकर बदमाश वहां पहुंचे। चोरों ने बड़ी ही सफाई से इस पूरी वारदात को अंजाम दिया। डॉक्टर के अनुसार उनकी कार पुश-बटन से स्टार्ट होती है, बावजूद इसके चोरों ने पहले कार की डिग्गी की तरफ से अंदर प्रवेश किया और फिर कुछ ही मिनटों के भीतर गाड़ी को स्टार्ट कर रफूचक्कर हो गए। फुटेज में चोरों को नमन होटल की ओर जाते हुए देखा गया है। डॉक्टर का कहना है कि यह चोरी दर्शाती है कि चोर अब हाईटेक सिस्टम को भी फेल करने में सक्षम हो चुके हैं, जो कि शहर के आम वाहन मालिकों के लिए एक बड़ी चिंता का विषय है।
पुलिस खंगाल रही फुटेज
डॉक्टर की शिकायत पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आसपास के इलाके के सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया है और जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम अब इस बात का पता लगा रही है कि चोरों ने किस तकनीक का उपयोग करके इतनी सुरक्षित कार को पल भर में स्टार्ट कर लिया। फिलहाल पुलिस ने बस स्टैंड, प्रमुख रास्तों और संदिग्ध ठिकानों के साथ फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश तेज कर दी है। शहर में लगातार हो रही इस तरह की वारदातों ने वाहन स्वामियों की नींद उड़ा दी है।