Baran Firing: 2 भाइयों ने शिक्षक के घर में की फायरिंग, पकड़ा गया तो बढ़ा ब्लेड प्रेशर, आरोपी अस्पताल में भर्ती

Firing at Teacher’s House: बारां जिले के छीपाबडौद क्षेत्र के अमलावदा हाली गांव में शनिवार शाम एक हैरतअंगेज और गंभीर घटना सामने आई। दो भाइयों ने एक शिक्षक के घर में घुसकर फायरिंग कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सूचना दी।

आरोपी और घटना की जानकारी

घटना के दौरान शिक्षक सुरेंद्र मौर्या के घर में पप्पू बसेड़ा और उनके भाई बृजमोहन बसेड़ा पहुंचे। पप्पू के हाथ में टोपीदार बंदूक थी और उसने घर के अंदर फायरिंग की। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। इस दौरान बृजमोहन मौके से फरार हो गया, जबकि पप्पू बसेड़ा को ग्रामीणों ने दबोच लिया और पुलिस को सौंप दिया।

पुलिस की कार्रवाई

सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आरोपी पप्पू को थाने ले गई। शिक्षक सुरेंद्र मौर्या ने आरोप लगाया कि उन्होंने आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, लेकिन पुलिस ने उसकी बीमारी का हवाला देते हुए उसे रात्रि में ही छोड़ दिया।

चिकित्सालय में भर्ती

छीपाबडौद थाना एएसआई ने बताया कि आरोपी 65 वर्ष का है और पहले से हुई मारपीट के कारण उसकी हालत बिगड़ गई थी। आरोपी का ब्लड प्रेशर बढ़ा हुआ था। इसे देखते हुए पुलिस ने उसे तुरंत चिकित्सालय में भर्ती कराया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ फायरिंग और जानलेवा हमला करने का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी के स्वस्थ होने पर जल्द ही अनुसंधान कर उसे गिरफ्तार किया जाएगा।

कच्ची शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार

बारां के ही कवाई थाना पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 5 लीटर कच्ची हथकड़ शराब बरामद की है। थानाधिकारी राजपाल सिंह के नेतृत्व में गश्त के दौरान पुलिस टीम को एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोककर पूछताछ व तलाशी ली, जिसमें आरोपी की पहचान ओमप्रकाश पुत्र रामदयाल ढीमर (35) निवासी सालपुर, थाना कवाई के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से प्लास्टिक के केन में भरी करीब 5 लीटर देशी हथकड़ शराब बरामद की गई। पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर उसके खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।