दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण सड़क हादसा: प्याज लदा ट्रक दूसरे ट्रक में घुसा, ड्राइवर की हालत गंभीर

कोटा। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने हड़कंप मचा दिया। चेचट इलाके में सालेड़ा कलां अंडरपास के समीप प्याज से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क के बीच खड़े दूसरे ट्रक में जा घुसा। हादसे के समय दूसरे वाहन का चालक उस समय टायर बदल रहा था।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चल रहे ट्रक का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें भरा प्याज सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर यातायात बाधित हो गया।

तड़के 4 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, यह दुर्घटना रविवार सुबह करीब 4 बजे हुई। मध्य प्रदेश के बदनावर से प्याज भरकर दिल्ली जा रहा ट्रक जैसे ही सालेड़ा कलां अंडरपास के पास पहुंचा, वह सामने खड़े ट्रक से जा भिड़ा। खड़ा ट्रक सड़क किनारे नहीं बल्कि बीच में खड़ा था, जिससे हादसा और भी गंभीर हो गया। उस समय चालक टायर बदलने में व्यस्त था।

यह वीडियो भी देखें :

ट्रक केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त

इस हादसे में ट्रक चालक बिल्लू गुर्जर (40) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनके पैर में फ्रैक्चर आया है और उन्हें तत्काल उपचार की आवश्यकता पड़ी। ट्रक में सवार अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। साथ में सफर कर रहे संदीप गुर्जर ने बताया कि हादसा बेहद भयावह था। उन्होंने कहा कि वे और उनके साथी मोहर सिंह गुर्जर चालक के पीछे सो रहे थे, जिससे वे बाल-बाल बच गए। यदि वे आगे बैठे होते तो बड़ा हादसा हो सकता था।

घायल को पहुंचाया गया रामगंजमंडी अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम के मोनू मीणा मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। उन्होंने तुरंत एम्बुलेंस की व्यवस्था कर घायल चालक को रामगंजमंडी के चिकित्सालय पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस और पेट्रोलिंग टीम ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को फिर से सुचारु कराया।