डाबी। कस्बे में एक शिशु को जन्म के बाद कचरे के ढेर में छोड़ने का मामला सामने आया है। घटना कस्बे के पावर हाउस मोहल्ले के पास स्थित पट्टियों के स्टॉक क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार पावर हाउस मोहल्ले के पास देर रात शौच के लिए गए एक युवक को स्टॉक की ओर से बच्चे के रोने की आवाज सुनाई दी।
यह वीडियो भी देखें
मौके पर पहुंची पुलिस
युवक जब मौके पर पहुंचा तो उसने देखा कि एक नवजात शिशु बिना कपड़ों के पत्थरों के बीच पड़ा तड़प रहा था। युवक ने तुरंत शोर मचाया और आसपास रहने वाली महिलाओं को बुलाया। आवाज सुनकर बुजुर्ग महिला धापू बाई मौके पर पहुंचीं और नवजात को उठाकर संभाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और नवजात को अपनी सुरक्षा में लिया। इसके बाद पुलिस बच्चे को लेकर डाबी अस्पताल पहुंची, जहां मेडिकल टीम ने तुरंत उपचार शुरू किया। अस्पताल में नर्सिंग ऑफिसर राधेश्याम दाधीच, स्वाधीन मीणा और रफीक ने बच्चे के शरीर की साफ-सफाई कर प्राथमिक उपचार किया तथा आवश्यक टीकाकरण भी किया गया।
जेके लोन अस्पताल रेफर किया
डॉक्टरों के अनुसार बच्चा पूरी तरह असुरक्षित स्थिति में मिला था, ऐसे में उसे संक्रमण से बचाना प्राथमिकता रही। प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत को देखते हुए उसे 108 एम्बुलेंस की सहायता से कोटा के जेके लोन अस्पताल रेफर किया गया। बच्चे का वजन करीब 2 किलो 270 ग्राम पाया गया। चिकित्सकों के अनुसार प्रसव घटना से करीब 2 से 3 घंटे पहले हुआ होगा। बच्चे को प्लेसेंटा (नाल) से अलग किया जा चुका था।
बच्चे की हालत को देखते हुए उसे विशेष देखभाल की आवश्यकता बताई गई है। समय रहते उपचार मिलने से उसकी जान बचने की उम्मीद जताई जा रही है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। आसपास के क्षेत्र में पूछताछ की जा रही है ताकि नवजात को छोड़ने वाले व्यक्ति या परिजनों का पता लगाया जा सके।
इनका कहना है
बच्चा 2 किलो 270 ग्राम वजन का था। प्रसव लगभग 2 से 3 घंटे पहले हुआ प्रतीत होता है। बच्चे को प्लेसेंटा से अलग किया गया था। प्राथमिक उपचार के साथ आवश्यक टीकाकरण किया गया।
डॉ. अविनाश शर्मा, चिकित्सालय प्रभारी, डाबी
सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बच्चे को दस्तयाब किया। बच्चे का डाबी अस्पताल में उपचार कराकर जेके लोन अस्पताल भिजवाया गया। मामले में जांच की जा रही है।
हेमराज शर्मा, डाबी थानाधिकारी