Bharatpur: 20 लाख की मांग और टूटता हौसला, दर्द बयां कर जिंदगी से हार गया युवक,आखिरी वीडियो में सुनाई दी बेबसी

Dowry Harassment Case: कुम्हेर क्षेत्र के गांव बाबैन निवासी 28 वर्षीय रिंकेश ने दहेज प्रताड़ना के केस से तंग आकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पूर्व एक वीडियो बनाया। बाद में खेत में जहरीला पदार्थ पी लिया। मामा के घर खरबेरा हेलेना पहुंचे तो उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और मां के पैरी में गिरकर कहने लगा मैने जहर खा लिया है। परिजन आरबीएम अस्पताल ले गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।

चाचा सरबजीत ने बताया कि मंगलवार सुबह करीब 9 बजे रिंकेश घर से मोटर साइकिल लेकर निकला था। 10.17 बजे ससुराल जनों से परेशान होकर सुसाइड करने की वीडियो बनाई। उसके बाद अपने दोस्त सौरभ पैघोर को फोन पर बातकर वीडियो वायरल करने की बात कहीं और खेत में जहर खाकर अपने मामा के गांव खरबेरा पहुंचा। जहां मां के पैरों में लड़खड़ा के गिर गया और जहर खाने की बात कही। आरबीएम अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

हेड कांस्टेबल सुंदर सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि रिंकेश नाम के व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया है। मरने से पहले रिंकेश ने एक वीडियो भी बनाया था मामले की जांच की जा रही है। मृतक के दोस्त सौरभ का कहना है कि उसके ऊपर दहेज प्रताड़ना का मुकदमा चल रहा था। जिसमे वह काफी परेशान था।

यह कहा वीडियो में…

रिंकेश ने सुसाइड करने से पहले खेत में एक वीडियो बनाते हुए कहा कि मेरे साथ बहुत गलत हुआ है। हम दो भाई थे और एक बहन थी। पिता को लकवा मार गया। मेरी और मेरी भाई की शादी हुई। कुछ ​महीनों बाद विवाद शुरू हो गए जिस पर काफी पंचायत हुई। मेरे भाई का लड़का भी उसके ससुराल में हुआ। हम दोनों भाइयों से दोनों बहनों में पैसों के लिए, शादी की। कुछ गांव के लोगों ने पैसों की वजह से हमारी शादी करवाई। उसी दौरान मेरे भाई की मौत हो गई। मेरी भाभी ने बच्चे को जन्म अपने पीहर में दिया। घर से गहने और कैश ले गई।

दोनों बहने मेरे भाई के ब्राह्मण भोज में आई। उसके बाद दोनों बहनें हमारे घर में ही रहने लगी। एक दिन में मजदूरी पर चला गया। उस दिन दोनों ने अपने भाई की घर बुला लिया। दोनों बहने घर से सारे सोने चांदी के जेवर और रुपए लेकर चली गई। उसमें गांव के कुछ लोगों की सहमति थी।

मेरे पास पैसे नहीं हैं…

आज में सुसाइड कर रहा हूं। मेरे मरने के बाद न तो, मेरे परिजन आएंगे और न ही मेरे रिश्तेदार आएंगे। मेरे चाचा ने मेरा साथ दिया। मैं पैसे कहां से लेकर आऊंगा। पूरी दुनिया पैसे की है। वह भी सुखी नहीं रहेंगी। उनका जीने में जीना नहीं रहेगा। में बोल रहा हूं, मेरे से बोला नहीं जा रहा। मैं इसलिए बोल रहा हूं कि मेरी मां कोई दुःख नहीं पाए। मेरी मां के साथ कोई अन्याय नहीं हो।

20 लाख की डिमांड कर रही थी दोनों बहनें

केस पर जाने में काफी खर्चा होता था। हमने राजीनामे का काफी प्रयास किया। उनकी 20 लाख रुपए देने की डिमांड है। जो भी ससुराल वालों ने दान दहेज दिया वह सभी ससुराल बाले ले गए। गांव वालों ने मेरी पत्नी का साथ दिया। मेरे पिता मरने से पहले मेरे गले से लगकर रोये और कहा में तेरे लिए दुःख छोड़कर जा रहा है। अब मैं अपनी मां के लिए दुःख छोड़कर जा रहा हूं। अब मेरे जीने की आस खत्म हो चुकी है। मेरी मां बहुत ज्यादा दुखी रहती है। मेरे मरने के बाद मेरी शक्ल देखने के लिए भी कोई नहीं आए।

सुसाइड से पहले दोस्त को बताया

सुसाइड से पहले रिंकेश ने अपने दोस्त सौरभ को फोन किया और कहा कि में अपने ससुराल वालों से काफी परेशान हूं। उन्होंने मुझे काफी परेशान किया हुआ है। इसलिए वह सुसाइड कर रहा है। सुसाइड करने से पहले उसने एक वीडियो बनाई है। उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर देना। वीडियो बनने के बाद मैंने काफी फोन किया लेकिन रिंकेश ने फोन नहीं उठाया।