Tonk News: खौलते तेल में गिरा हलवाई, मची अफरा-तफरी, पूड़ी तलने के दौरान हुआ हादसा

टोंक। जिले के दूनी क्षेत्र में एक समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जिसमें एक हलवाई गंभीर रूप से झुलस गया। यह घटना सोमवार को चांदसिंहपुरा गांव में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान हुई, जहां बड़ी संख्या में लोगों के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था।

जानकारी के अनुसार, हलवाई बंशीलाल गुर्जर समारोह में मेहमानों के लिए कड़ाही में पूड़ियां तल रहा था। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे खौलते तेल से भरी कड़ाही में जा गिरा।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी

घटना होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। वहां मौजूद लोगों ने बिना देर किए घायल को कड़ाही से बाहर निकाला और तत्काल दूनी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के दौरान चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल टोंक के लिए रेफर कर दिया।

अस्पताल में उपचाराधीन हलवाई (फोटो-पत्रिका)

हलवाई की हालत स्थिर

बताया जा रहा है कि हादसे में हलवाई बंशीलाल के हाथ और पैर बुरी तरह झुलस गए हैं, हालांकि उसने किसी तरह अपने चेहरे को बचा लिया, जिससे बड़ी अनहोनी टल गई। यदि हलवाई की शरीर तेल में चली जाती तो मामला और गंभीर हो सकता था। अच्छी बात यह है कि हवाई का हालत स्थिर बताई जा रही है।

यह वीडियो भी देखें :

समारोह में बन रहा था भोजन

ग्रामीणों के मुताबिक, समारोह में भोजन बनाने का कार्य तेजी से चल रहा था और बड़ी कड़ाही में तेल खौल रहा था। जल्दबाजी के चक्कर में संतुलन बिगड़ने से यह हादसा हो गया। इस घटना के बाद गांव में चिंता का माहौल है और लोग घायल के जल्द स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं।

ग्रामीणों ने क्या कहा?

लोगों ने कहा कि अब अनहोनी को कौन टाल सकता है, जो होना था हो गया। हलवाई के लिए पूड़ियां निकालना कोई नई बात नहीं थी, लेकिन अचानक संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह हादसा हो गया।