Udaipur News : आरके सर्कल का पूरा नक्शा बदलने की तैयारी, सड़कें होगी चौड़ी, जानें UDA का एक्शन प्लान

उदयपुर। शहर के सबसे व्यस्त और वीआइपी मूवमेंट वाले आरके सर्कल का अब पूरा नक्शा बदलने जा रहा है। वर्षों से अतिक्रमण, बेतरतीब निर्माण और अधूरे जमीन विवादों में उलझा यह चौराहा यूडीए की सख्ती और मास्टरप्लान के तहत एक खुले, चौड़े और व्यवस्थित सुपर चौराहे के रूप में विकसित किया जा रहा है। खास बात यह है कि जहां पहले बिना कन्वर्जन के दुकानें खड़ी कर दी थी और विवाद का माहौल था।

अब उसी जगह पर योजनाबद्ध विकास का मॉडल तैयार हो रहा है। आरके सर्कल पर पहले बिना भूमि रूपांतरण (कन्वर्जन) के ही कई दुकानों का निर्माण कर दिया था। यूडीए ने इन निर्माणों को सीज किया। राजनीतिक दबाव और विरोध के बावजूद कार्रवाई जारी रखी। सख्ती के बाद कई लोगों ने कन्वर्जन करवाया, अभी भी कई फाइलें यूडीए में प्रोसेस में है।

मास्टर प्लान के अनुरूप होगा विकास

आरके सर्कल का विकास अब पूरी तरह मास्टर प्लान के अनुरूप किया जाएगा, जिसके तहत जमीनी स्तर पर बड़े बदलाव किए जा रहे है। चौराहे को खुला और व्यवस्थित बनाने के लिए एक ओर जहां लोगों ने खुद ही अपनी पुरानी और अव्यवस्थित दुकानों को तोड़ना शुरू कर दिया है, वहीं दूसरी ओर बनी दुकानों को निर्धारित सेटबैक के अनुसार पीछे शिफ्ट किया जाएगा।

इसके साथ ही नाले को कवर कर बनाए निर्माणों को हटाकर सुरक्षित और खुला रखा जाएगा, ताकि भविष्य में जल निकासी की समस्या न रहे। इन सभी बदलावों के बाद सड़क पहले से अधिक चौड़ी होगी और पूरा चौराहा खुला, साफ और सुगम नजर आएगा। कुल मिलाकर, अब तक बेतरतीब और अव्यवस्थित दिखने वाला यह क्षेत्र योजनाबद्ध विकास के साथ एक आधुनिक और ट्रैफिक फ्रेंडली चौराहे के रूप में सामने आएगा।

सबसे बड़ी बाधा, पेट्रोल पंप के सामने अधूरा बंटवारा

फतहपुरा की ओर से आते समय पेट्रोल पंप के सामने का हिस्सा अभी भी विकास में सबसे बड़ी अड़चन बना हुआ है। वहां जमीन का सीमांकन और बंटवारा अधूरा है। स्वामित्व को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। यूडीए की ओर से धीरे-धीरे विवाद सुलझाने की प्रक्रिया चल रही है।

यूडीए का एक्शन प्लान

-लगातार भूमि रूपांतरण (कन्वर्जन) की फाइलें
-नियमित शुल्क जमा प्रक्रिया
-सर्वे और सीमांकन कार्य जारी
-विवादित हिस्सों को प्राथमिकता से सुलझाया जा रहा

वीआइपी मूवमेंट से बढ़ी प्राथमिकता

यूडीए अधिकारियों ने बताया कि यह चौराहा शहर का प्रमुख वीआइपी रूट है, इस कारण चौराहे को पूरी तरह खुला और ट्रैफिक फ्रेंडली बनाया जाएगा। अवरोध हटाकर क्लियर विजिबिलिटी दी जाएगी, भविष्य के हाई ट्रैफिक को ध्यान में रखते हुए चौड़ी सड़कें होगी।

नया कमर्शियल हब होगा सर्कल

-आरके सर्कल अब सिर्फ चौराहा नहीं, बल्कि पूरी तरह से नया कमर्शियल हब होगा।
-यहां पर 100 से ज्यादा दुकानों का मेगा कॉम्प्लेक्स
-101 से 1560 वर्गफीट तक दुकानें होगी
-ग्राउंड फ्लोर व प्रथम तल तक का स्ट्रक्चर होगा
-रिटेल, शोरूम, फूड और सर्विस सभी के लिए स्पेस मिलेगा
-पहले से मौजूद कैफे-रेस्टोरेंट का इंटीग्रेशन होगा

-हर तरह के व्यापारी के लिए एक ही जगह पर अवसर मिलेंगे

सड़कें होगी चौड़ी
-150 फीट चौड़ी जोनल रोड
-100 फीट मुख्य सड़क
-80 फीट कनेक्टिविटी रोड होगी।
इसके अलावा फतहपुरा, भुवाणा, शोभागपुरा, अशोका पैलेस क्षेत्र को सीधा जुड़ाव होगा।

आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा क्षेत्र
-पार्किंग के लिए खुला स्पेस

-ड्रेनेज और नाला सिस्टम

स्ट्रीट लाइट और इलेक्ट्रिक पोल
-बाउंड्री वॉल और सुरक्षित एंट्री
-प्लान्ड रोड नेटवर्क

इस कारण बढ़ेगी प्रॉपर्टी वैल्यू
-तेजी से विकसित होता क्षेत्र
-आसपास रिहायशी और कमर्शियल ग्रोथ
-हाई विजिबिलिटी और फुटफॉल
-भविष्य में बड़ा ट्रेडिंग हब बनने की संभावना

आरके सर्कल का यह विकास सिर्फ एक चौराहे का बदलाव नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र की पहचान बदलने वाला प्रोजेक्ट है। यूडीए की सख्ती, मास्टर प्लान की प्लानिंग और लोगों की भागीदारी के चलते यह क्षेत्र आने वाले समय में शहर का सबसे बड़ा कमर्शियल हब बनेगा।

हेमेन्द्र नागर, यूडीए सचिव