मुहाना मंडी में कचरे में आग, एक किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं

जयपुर। मुहाना मंडी में रोजाना करीब 50 टन कचरा हो रहा है। इसे उठवाने के लिए मंडी प्रशासन लाखों रुपए खर्च भी कर रहा है, इसके बाद भी कचरे को खुले में जलाया जा रहा है। रविवार को भी कचरे में आग लगने से धुंआ फैल गया, जो एक किलोमीटर दूर से नजर आया। जिसे देखकर मंडी में हडक़ंप मच गया। आग फैलने लगी तो मंडी प्रशासन को दमकल बुलानी पड़ी और आग पर काबू पाया।

मुहाना कृषि उपज मंडी समिति ने मंडी से कचरा उठाने के लिए ठेका दे रखा है। ठेकेदार कचरे को महात्मा ज्योतिबा फूले की प्रतिमा के पास बने डिपो में एकत्र करता है। यहां से नगर निगम उस कचरे को उठाकर सेवापुरा कचरागाह पहुंचाता है। जबकि मंडी के आसपास रहने वाले लोगों का कहना है कि मंडी से पूरा कचरा नहीं उठ रहा है। मंडी के साथ सड़क पर कचरा पड़ा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मंडी में कचरे के ढेर पड़े रहते हैं, मंडी का कचरा सड़कों पर भी पड़ा रहता है। इसमें आए दिन आग लग जाती है। उधर, मुहाना कृषि उपज मंडी समिति के सचिव का कहना है कि मंडी में सूखें पत्तों को नहीं उठाया गया होगा, किसी ने बीड़ी पीकर फेंक दी होगी, जिससे आग लग गई। हालांकि उसे बुझा दिया गया है।