राजस्थान की बेटी रूपा राठौड़ का विश्व में डंका, बनीं नंबर-1 जॉकी, 750 जीत और सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट के साथ रचा इतिहास

Ghudasavar Rupa Rathod: कुचामनसिटी: निकटवर्ती ग्राम कुकनवाली की प्रतिभावान बेटी रूपा राठौड़ पुत्री नरपत सिंह राठौड़ ने घुड़सवारी (जॉकी) के क्षेत्र में विश्व स्तर पर नया कीर्तिमान रचते हुए भारतदेश का नाम रोशन किया है। वे विश्व की नंबर-1 महिला जॉकी के रूप में पहचान बना चुकी हैं।

बता दें कि उनके नाम अब तक 750 जीत दर्ज हैं और उनका सर्वश्रेष्ठ स्ट्राइक रेट विश्व स्तर पर कायम है, जिसे अब तक कोई नहीं तोड़ पाया है।

पुरुष वर्चस्व वाले इस खेल में उन्होंने अपनी मेहनत और आत्मविश्वास से यह मुकाम हासिल कर साबित कर दिया कि प्रतिभा के सामने कोई बाधा बड़ी नहीं होती।

पोलैंड में बनी विश्व विजेता

रूपा राठौड़ को अंतरराष्ट्रीय पहचान तब मिली, जब उन्होंने पोलैंड में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए विश्व विजेता का खिताब अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में दुनियाभर के नामी जॉकी शामिल थे।

लेकिन रूपा ने अपने बेहतरीन कौशल से सभी को पीछे छोड़ दिया। उनकी इस उपलब्धि के बाद देश-विदेश में उनकी चर्चा होने लगी। रूपा राठौड़ की यह उपलब्धि देश के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।

गांव में होगा भव्य स्वागत

विश्व विजेता बनने के बाद 10 अप्रैल को राठौड़ अपने पैतृक गांव कुकनवाली पहुंचेंगी। जहां उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। सुबह करीब 9:30 बजे विजय जुलूस निकाला जाएगा, जो मुख्य मार्गों से गुजरते हुए महात्मा गांधी विद्यालय पहुंचेगा, वहां सम्मान समारोह होगा।

कई गणमान्य होंगे शामिल

कार्यक्रम में सांगलिया धाम के पीठाधीश्वर ओमदास महाराज, राज्य मंत्री विजय सिंह चौधरी, भाजपा प्रदेश महामंत्री श्रवण सिंह बगड़ी, पूर्व आरटीडीसी चेयरमैन धर्मेन्द्र सिंह राठौड़, राजस्थान पोलो एसोसिएशन के सचिव दिग्विजय सिंह व महिला मोर्चा प्रदेशाध्यक्ष राखी राठौड़ सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहेंगे।