Nagaur patrika…खतरे की जद में आई 35 साल पुरानी पानी की टंकी गिराई गई, मिली राहत…VIDEO

नागौर. नगरपालिका बासनी क्षेत्र के एक सरकारी विद्यालय परिसर में स्थित करीब 35 वर्ष पुरानी जर्जर पानी की टंकी को जलदाय विभाग ने रविवार को नियंत्रित तरीके से डिमोलिश कर दिया। टंकी की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी और इसके कभी भी गिरने की आशंका बनी हुई थी, जिससे आसपास के क्षेत्र में दुर्घटना का खतरा बना हुआ था। जलदाय विभाग के अधिशासी अभियंता रमेश चौधरी के अनुसार जनप्रतिनिधियों और स्थानीय नागरिकों की ओर से इस जर्जर टंकी को लेकर जिला कलक्टर तथा जलदाय विभाग के अधिकारियों को लगातार शिकायतें की जा रही थीं। इस पर जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता श्रवण सिंह खिडिय़ा ने मामले का संज्ञान लेते हुए इसे उच्च अधिकारियों के सामने रखा। इसके बाद तत्कालीन मुख्य अभियंता (शहरी) मनीष बेनीवाल तथा अतिरिक्त मुख्य अभियंता अजमेर रामचंद्र राड की स्वीकृति मिलने पर अधिशासी अभियंता रमेश चौधरी ने इसे गिराने के निर्देश दिए। इसके बाद टंकी को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। रविवार को जलदाय विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर डिमोलिश की कार्रवाई की। टंकी के एक ओर नागौर-बासनी मुख्य मार्ग एवं दूसरी ओर विभागीय क्वार्टर स्थित थे, इसलिए कार्यवाही के दौरान विशेष सावधानी बरती गई। स्कूल अवकाश होने के कारण रविवार को यह कार्य किया गया । इस दौराना मुख्य मार्ग के ट्रैफिक को अस्थायी रूप से डायवर्ट किया गया। इसके बाद पिलर कटिंग और एमएस पाइप होल्ड की सहायता से टंकी को नियंत्रित दिशा में गिराया गया। सहायक अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि जिस स्थान पर पुरानी टंकी को हटाया गया है, वहां अमृत-२ की योजना के अंतर्गत दोगुनी क्षमता की नई पानी की टंकी का निर्माण प्रस्तावित है। नई टंकी बनने से क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करने में मदद मिलेगी। इधर जर्जर टंकी के गिराए जाने पर स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। लोगों का कहना था कि लंबे समय से टंकी की खराब स्थिति को लेकर अनहोनी की आशंका बनी हुई थी।