सिरोही: गैस टैंकर के केबिन में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मचा हड़कंप, एक घंटे तक हाईवे यातायात रहा बंद

सिरोही। अनादरा मुख्य बस स्टैंड के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब सिरोही की ओर जा रहे गैस से भरे एक टैंकर के केबिन में  शाम करीब 5 बजे अचानक आग लग गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग भड़की। धुआं उठते ही चालक ने तुरंत वाहन रोककर नीचे उतरकर अपनी जान बचाई।

गैस से भरे टैंकर में आग लगने से खतरा कई गुना बढ़ गया। होली पर्व के चलते बाजार क्षेत्र में भारी भीड़ थी, जिससे स्थिति और भी संवेदनशील हो गई। स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए टैंकर में उपलब्ध फायर सेफ्टी उपकरणों का उपयोग कर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया।

सूचना मिलते ही अनादरा थाना पुलिस के सीआई कमलेश गहलोत मय जाब्ता मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था संभाली। एहतियातन हाईवे के दोनों ओर का यातायात रोक दिया गया। करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिस की निगरानी में टैंकर के केबिन को मुख्य टैंकर से अलग करवाया गया, ताकि गैस से भरे हिस्से तक आग या चिंगारी न पहुंचे। बाद में क्रेन की मदद से टैंकर को हाईवे से हटाकर सुरक्षित स्थान पर खड़ा किया गया।

गनीमत रही कि चालक समय रहते नीचे उतर गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। उल्लेखनीय है कि कुछ माह पूर्व भी इसी मार्ग पर गैस टैंकर में लीकेज की घटना हुई थी, जिसे पुलिस की तत्परता से नियंत्रित कर बड़ा हादसा टल गया था। सोमवार की इस घटना में भी पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चालक की सतर्कता और स्थानीय लोगों की समझदारी से संभावित बड़ा हादसा टल गया।