Objectionable Dance Outside Temple: जयपुर शहर के परकोटा क्षेत्र में सोमवार को बड़ी चौपड़ स्थित बाई जी के मंदिर के बाहर आयोजित डांस कार्यक्रम को लेकर विवाद खड़ा हो गया। धार्मिक स्थल के ठीक बाहर पब्लिक प्लेस नाम से लगाए गए स्टेज पर फिल्मी गीतों पर नृत्य प्रस्तुत किया गया, जिसे स्थानीय लोगों ने कला नहीं बल्कि फूहड़ता करार दिया। स्टेज पर युवतियां अश्लील डांस करती रहीं लेकिन कार्यक्रम स्थल से महज 100 मीटर दूर माणक चौक थाने की पुलिस सोती रही।
फूहड़ता की सारी हदें की पार
जानकारी के अनुसार स्टेज पर दो महिलाएं डांस कर रही थीं और तेज ध्वनि में “चोली के नीचे क्या है” जैसे गीत बजाए जा रहे थे। कार्यक्रम के दौरान कई लोग डांस कर रहीं महिलाओं पर खुलेआम नोट बरसाते नजर आए। भीड़ में कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाते और हूटिंग करते दिखाई दिए। माहौल मेले जैसा बना हुआ था और लोग अपनी मस्ती में डूबे नजर आए।
निगरानी व्यवस्था पर उठे सवाल
चौंकाने वाली बात यह रही कि पूरा कार्यक्रम माणक चौक थाना से महज 100 मीटर की दूरी पर हो रहा था। इसके बावजूद न तो ध्वनि पर नियंत्रण दिखा और न ही कार्यक्रम की प्रकृति पर रोक-टोक नजर आई। इससे कानून-व्यवस्था और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
हो सकती थीं धार्मिक भावनाएं आहत
स्थानीय दुकानदारों और श्रद्धालुओं का कहना है कि मंदिर के बाहर इस तरह के कार्यक्रम से धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं। उनका कहना है कि यदि सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाता तो उसे गरिमामय ढंग से किया जाना चाहिए था, लेकिन जिस तरह के गीत और प्रस्तुतियां हुईं, उससे माहौल असहज हो गया।