Video: गाय ने विदेशी सैलानी को सींग मार कर गिराया, वीडियो वायरल

जैसलमेर में स्वच्छंद घूमते पशुओं की समस्या कितनी विकट हो गई है, इसकी बानगी शनिवार को वायरल हुए वीडियो के जरिए सामने आई। यह वीडियो गत गुरुवार सुबह का है। इसमें एक विदेशी हनुमान चौराहा की तरफ जा रहा है। वहां माहेश्वरी सेवा सदन के सामने सडक़ के किनारे बने सीवरेज के मैन हॉल के पास से गुजरते समय एक गाय ने विदेशी सैलानी के पेट में सींग से प्रहार किया। अपनी धुन में जा रहा विदेशी यह खतरा भांप तक नहीं पाया और सीधे मैन हॉल पर गिर गया। गनीमत यह रही कि, मैन हॉल का मुंह बंद था और आसपास लोग थे। वे वहां पहुंचे। हालांकि विदेशी सैलानी स्वयं ही बाहर निकल गया। उसके सिर पर चोट आई और वह गंदगी में सन गया। आसपास खड़े लोग उसे माहेश्वरी सेवा सदन में ले गए। जहां उसने स्नान किया। बताया जाता है कि, विदेशी ने कहा- वह जैसलमेर में मिली इस चोट को कभी भूल नहीं पाएगा। उसे एक बार तो लगा कि वह मौत के मुंह में जा रहा है।