Good News: राजस्थान के इस जिले को मिली सौगातें, करोड़ों रुपए की लागत से चौड़ी होंगी सड़के, बनेंगी RCC पुलिया

Development Announcements In Sirohi: राजस्थान विधानसभा में शुक्रवार को एप्रोप्रिएशन बिल पर चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। माउंट आबू का नाम आबूराज करने के साथ ही सिरोही जिले को इस दौरान विकास की कई सौगातें मिलीं।

इन घोषणाओं से जिले में सड़क, स्वास्थ्य और पशुपालन सेवाओं में व्यापक सुधार की उम्मीद जताई जा रही है। स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आमजन ने इन घोषणाओं का स्वागत करते हुए कहा कि इससे सिरोही जिले के विकास को नई दिशा मिलेगी।

सड़क और पुलिया निर्माण से ग्रामीण क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, वहीं स्वास्थ्य और पशुपालन सेवाओं के विस्तार से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा।

विकास की यह घोषणाएं की

सिरोही-कालन्द्री-रामसीन सड़क के चौड़ाईकरण 6 किलोमीटर सड़क के लिए 6 करोड़ रुपए की घोषणा।

काछोली से पंचदेवल मार्ग पर 4 करोड़ 50 लाख रुपए की लागत से आरसीसी पुलिया का निर्माण होगा।

झांकर-जनापुर मार्ग पर भी पुलिया निर्माण के लिए 3 करोड़ रुपए की घोषणा।

स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के लिए कालन्द्री-सिरोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बैड क्षमता 30 से बढ़ाकर 50 की जाएगी।

पशुपालन क्षेत्र को भी मजबूती देने के लिए अरठवाड़ा में पशु चिकित्सालय स्थापित किया जाएगा।