Banswara News : बांसवाड़ा के गनोड़ा में एकतरफा प्यार में पड़े मेतवाला गांव के युवक ने शुक्रवार को 100 फीट ऊंचे टावर पर चढ़कर करीब तीन घंटे तक हाईवॉल्ट्रेज ड्रामा किया। वह टावर से नीचे उतरने से इनकार करता रहा। लड़की से बात कराने के आश्वासन पर युवक ज्योंही नीचे उतरा, उसे पुलिस ने शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
मेतवाला निवासी 24 वर्षीय शंकर भोई खेतों में लगे टावर पर सुबह करीब 11 बजे चढ़ गया। ग्रामीणों को इसकी भनक लगते ही मौके पर भीड़ जुट गई और लोहारिया थाना पुलिस को सूचना दी गई। युवक पास के गांव की एक युवती से एकतरफा प्रेम करता है। उससे बात करने की जिद में वह टावर पर चढ़ा।
फोन पर मनुहार, जिद पर अड़ा रहा युवक
टावर पर चढ़ने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने उसे फोन कर नीचे उतरने की अपील की, लेकिन वह रोते हुए लड़की को बुलाने की मांग करता रहा। नीचे से आवाज लगाने और समझाने के बावजूद वह टावर से उतरने को तैयार नहीं हुआ। पुलिस ने पहले घटनास्थल से भीड़ हटाई और युवक से बातचीत कर समझाने की कोशिश की।
आश्वासन के बाद उतरा, थाने पहुंचाया
थानाधिकारी हंसाराम ने भी फोन पर युवक से बात की, लेकिन वह नहीं माना। बाद में लड़की से फोन पर बात कराने के आश्वासन पर वह नीचे उतरने को राजी हुआ। सुरक्षित नीचे उतरते ही पुलिस उसे थाने ले गई।
थानाधिकारी ने बताया कि मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है और युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है। घटना के दौरान गांव में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।