खेड़ली में चल रही विकास कार्यो की सौगात

चेचट. खेड़ली पंचायत में इन दिनों स्वीकृत विकास कार्यो का निर्माण कार्य जोरो पर चल रहा है। खेड़ली में 8.5 करोड रुपये की लागत से ताकली नदी पर बन रही उच्च स्तरीय पुलिया के निर्माण कार्य शुरू किया जा चुका है। यह निर्माण आरएसआरडीसी विभाग द्वारा किया जा रहा है। पुलिया निर्माण के बाद बारिश के दिनों में खेड़ली अमझार मार्ग अवरुद्ध नही होगा। पहले बारिश के दिनों में यह मार्ग अक्सर बन्द रहता था। जिससे दर्जनों गांवों का खेड़ली गांव से सम्पर्क कट जाता था। जिससे ग्रामीणों को लंबा चक्कर काटना पड़ता था। उच्च स्तरीय पुलिया निर्माण के बाद बारिश के दिनों में भी खेड़ली अमझार मार्ग सुचारू रहेगा। जिससे नदी के दूसरी पर स्थित ग्रामीणों को आने जाने में परेशानी नही होगी। आरएसआरडीसी सहायक अभियंता निपुण गुप्ता ने बताया कि पुलिया निर्माण कार्य बारिश से पूर्व पूरा करने के प्रयास है। ताकि बारिश के दिनों में मार्ग अवरुद्ध न हो। वही पंचायत के नयागांव से कंवरपुरा तक 1.5 किमी सड़क मार्ग का कार्य भी सार्वजनिक निर्माण विभाग द्वारा शुरू कर दिया है। यह निर्माण कार्य 191.77 लाख रुपये की लागत से किया जा रहा है। इसमे सड़क के साथ कंवरपुरा के खाल पर भी पुलिया निर्माण कार्य जोरो पर चल रहा है। जो बारिश से पूर्व पुरा होने की संभावना है।

अभी तक कंवरपुरा से नयागांव जाने के लिए कोई सीधा सुगम मार्ग नहीं था। ग्रामीणों को मजबूरन खेड़ली होकर लंबा चक्कर काटकर जाना पड़ता था। इस सीधे मार्ग के बन जाने से कंवरपुरा और नयागांव के बीच की दूरी काफी कम हो जाएगी। खेड़ली होकर जाने वाला लंबा फेर खत्म होगा। आपातकालीन स्थिति में मरीजों और विद्यार्थियों को समय पर गंतव्य तक पहुंचने में मदद मिलेगी। सड़क निर्माण का काम शुरू होने पर ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में यह कच्चा रास्ता पूरी तरह बंद हो जाता था, जिससे आवागमन ठप हो जाता था। अब पक्की सड़क बनने से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।