Government Scheme: जयपुर. प्रदेश सरकार की गोपाल क्रेडिट कार्ड योजना को पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। सहकारिता राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गौतम कुमार ने विधानसभा में बताया कि योजना के क्रियान्वयन की निगरानी के लिए नवाचार करते हुए 181 हेल्पलाइन के माध्यम से करीब 90 हजार लाभार्थियों से सीधे कॉल कर फीडबैक लिया जा रहा है। प्राप्त शिकायतों का विश्लेषण कर धोखाधड़ी और अनियमितताओं पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि ऋण वितरण में गड़बड़ियों की शिकायत मिलने पर बाड़मेर जिले में त्वरित कार्रवाई की गई। मामले में तत्कालीन प्रबंध निदेशक को 16 सीसी के तहत निलंबित किया गया, जबकि संबंधित शाखा प्रबंधकों के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। साथ ही धारा 55 के अंतर्गत समिति गठित कर जांच शुरू की गई है और एसीबी को भी पत्र लिखा गया है।
मंत्री ने जानकारी दी कि प्रकरण में 385 अवधिपार ऋणियों को ऋण वितरित किया गया था, जिनमें से 317 से वसूली पूरी कर ली गई है, जबकि शेष 68 से जल्द वसूली की जाएगी।
जयपुर जिले में 14,513 गोपालकों ने ऋण के लिए आवेदन किया, जिनमें से 7,852 को करीब 38.43 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। पूरे प्रदेश में वर्ष 2024-25 में शुरू की गई योजना के तहत 17 फरवरी 2026 तक 1,60,981 आवेदन प्राप्त हुए और 90,491 पशुपालकों को 681.32 करोड़ रुपये का ऋण दिया गया है।
सरकार का कहना है कि योजना का लाभ सही पात्रों तक पहुंचे, इसके लिए निगरानी और पारदर्शिता को और मजबूत किया जाएगा।