Illegal Opium Cultivation: बालोतरा जिले में एटीएस व एएनटीएफ की टीम ने सिवाना थाना क्षेत्र के कांखी गांव सरहद में अवैध रूप से की जा रही डोडा पोस्त (अफीम) की खेती का खुलासा किया है। टीम ने मौके से 2428 पौधे बरामद कर आरोपी कांखी निवासी हरजीराम माली को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने इंटरनेट की मदद से नशे की फसल उगाने का तरीका सीखा और फिर पर्दे के पीछे छिपाकर अफीम की फसल के 2428 पौधे उगा लिए।
अफीम की अंतरराष्ट्रीय कीमत 1.20 करोड़ रुपए
बरामद फसल की अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए आंकी गई है। एटीएस व एएनटीएफ के महानिरीक्षक विकास कुमार ने बताया कि टीम ने आरोपी के खेत पर दबिश दी, जहां पशु बाड़े के पीछे पर्दे की आड़ में सब्जियों, रिजका, बाजरा और अरंडी की फसल के बीच डोडा पोस्त की खेती की गई थी। खेत में कुछ पौधे पकने की स्थिति में थे, जबकि कई पौधों पर डोडे और फूल आ चुके थे। टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए खेतों में छिपकर निगरानी शुरू की। जैसे ही आरोपी फसल देखने पहुंचा, टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
खुद भी था नशे का आदी
जांच में सामने आया कि आरोपी हरजीराम पिछले करीब 10 वर्षों से डोडा पोस्त के सेवन का आदी था और उसके खिलाफ अवैध मादक पदार्थ तस्करी के कई मुकदमे दर्ज हैं। उसने इंटरनेट के माध्यम से अफीम की खेती का तरीका सीखा और जमीन खरीदकर खेती शुरू कर दी। आरोपी सिवाना क्षेत्र में चाय की दुकान खोलने की फिराक में आया था, लेकिन नशे की लत और मुनाफे के लालच में अवैध खेती करने लगा।
2600 वर्ग मीटर में तैयार किया नशे का जाल
पुलिस के अनुसार आरोपी ने करीब 2600 वर्ग मीटर क्षेत्र में अफीम की खेती कर रखी थी। जांच में सामने आया कि इस फसल से करीब 20.8 किलो अफीम और लगभग 1.50 क्विंटल डोडा पोस्त प्राप्त हो सकता था, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 20 लाख रुपए है।