Bharatpur Encroachment : भरतपुर नगर निगम की ओर से गुरुवार को कुम्हेर गेट चौराहे से लेकर मथुरा बाइपास तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान स्थानीय व्यापारियों के विरोध के बीच सड़क पर लगे खोखे, टिनशेड और ठेलों को हटाया गया तथा कई अतिक्रमण सामग्री जब्त की गई। अभियान के साथ सफाई कार्य भी किया गया और जहां ज्यादा गंदगी थी वहां अग्निशमन वाहन से धुलाई कराई गई।
स्वच्छता सर्वेक्षण 2025-26 के तहत चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत नगर निगम की टीम ने डीग रोड़ और कुम्हेर गेट मंडी क्षेत्र में कार्रवाई की गई। सड़क पर रखे खोखे और टिनशेड हटवाए गए। कचौड़ी, सब्जी और अन्य सामान की ठेलियों को भी सड़क से हटाया गया, ताकि यातायात सुचारू हो सके।
भरतपुर में अतिक्रमण हटाने के दौरान सामान ले जाते निगम कर्मी। फोटो पत्रिका
नाराज व्यापारी का विरोध, नगर निगम को पहले सूचना देनी चाहिए थी
अतिक्रमण हटाने के दौरान एक चाय के खोखे वाले व्यापारी ने विरोध किया और आरोप लगाया कि नगर निगम को पहले सूचना देनी चाहिए थी। इसको लेकर बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। हालांकि नगर निगम अधिकारियों ने स्थिति को संभालते हुए कार्रवाई जारी रखी।
खोखों को नगर निगम ने किया जब्त
कुम्हेर गेट मंडी के गेट के सामने चारों ओर लगे खोखों को भी नगर निगम की ओर से जब्त किया गया। वहीं मुखर्जी नगर जाने वाले रास्ते पर सब्जी व्यापारियों की ओर से सड़क पर कब्जा कर लिए जाने से रोजाना जाम की समस्या बनी रहती थी। अधिकारियों ने इस मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया और वहां भी सफाई अभियान चलाया गया। इस दौरान मंडी के सामने टूटे नाले की स्थिति का निरीक्षण किया गया।
भरतपुर में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान। फोटो पत्रिका
अतिक्रमण और गंदगी बर्दाश्त नहीं – नगर निगम आयुक्त
नगर निगम आयुक्त श्रवण विश्नोई ने मौके पर ही ठेकेदार को बुलाकर नाले का निर्माण और मरम्मत कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण और गंदगी किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और शहर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अभियान के दौरान नगर निगम की सफाई टीम, अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।