चौमहला (झालावाड़)। गंगधार-डग मुख्य मार्ग पर करणपुरा गांव के समीप शुक्रवार रात को जीप और बाइक के बीच भीषण टक्कर हो गई। हादसे में एक ही बाइक पर सवार चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। मृतकों में दो मध्य प्रदेश के सीतामऊ तथा एक उदयपुर का रहने वाला है। चौथे व्यक्ति की शिनाख्त नहीं हो पाई।
गंगधार पुलिस उपाधीक्षक हेमंत गौतम ने बताया कि मृतकों के बैग से मिले आधार कार्ड के आधार पर तीन जनों की पहचान हुई। ये मध्यप्रदेश के सीतामऊ थाना इलाके के झांगरिया निवासी राजपाल पुत्र परबत सिंह, जवाहरलाल पुत्र रामचंद और उदयपुर के कोडरवाड़िया निवासी नरेश पुत्र कालूलाल है। एक मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।
पुलिस ने संबंधित थानों को मृतकों के बारे में सूचना दे दी है। परिजनों के चौमहला पहुंचने के बाद ही सही पहचान हो पाएगी। फिलहाल चारों शव मोर्चरी में रखवाए गए है। हादसे की सूचना पर पुलिस टीम तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। वहां 108 एंबुलेंस की सहायता से सभी मृतकों को चौमहला अस्पताल लाया गया। हादसे के बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया।
डग से गंगधार जा रहे थे युवक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार एक ही बाइक पर चार युवक सवार थे और उनकी बाइक तेज गति में थी। बाइक डग की ओर से गंगधार की तरफ जा रही थी, जबकि जीप गंगधार से डग की ओर आ रही थी। करणपुरा गांव के पास दोनों में आमने-सामने की जोरदार भिड़न्त हो गई।