Crime: जानें कौन है करोड़ों की ठगी करने वाला जयपुर का ये युवक, ढूंढ रही कश्मीर की पुलिस, ‘ह्यू एंड क्राई’ का नोटिस भी किया जारी

Assured Agro Food Industries in Uttarakhand: करोड़ों रुपए की कथित वित्तीय धोखाधड़ी के मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (कश्मीर) ने जयपुर निवासी एक व्यक्ति के खिलाफ ‘ह्यू एंड क्राई’ नोटिस जारी किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से फरार है और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है।

कौन है आरोपी?

आर्थिक अपराध शाखा के मुताबिक आरोपी की पहचान अनिल कुमार माहेश्वरी पुत्र गणपतलाल के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जयपुर के झोटवाड़ा क्षेत्र स्थित सत्या नगर का निवासी है। पुलिस का कहना है कि आरोपी सुनियोजित तरीके से वित्तीय अनियमितताओं को अंजाम देने में शामिल रहा है।

जांच एजेंसियों के अनुसार अनिल कुमार माहेश्वरी उत्तराखंड स्थित एश्योर्ड एग्रो फूड इंडस्ट्रीज में रीजनल सेल्स मैनेजर के पद पर कार्यरत रह चुका है। आरोप है कि उसने कारोबारी लेनदेन और निवेश के नाम पर कई लोगों को झांसे में लेकर करोड़ों रुपए का आर्थिक नुकसान पहुंचाया। शिकायत मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जयपुर में भी दी दबिश

पुलिस टीम ने आरोपी की तलाश में जयपुर स्थित उसके आवास पर भी दबिश दी, लेकिन वह वहां नहीं मिला। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी लगातार स्थान बदल रहा है और गिरफ्तारी से बचने का प्रयास कर रहा है।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी को आरोपी के ठिकाने या गतिविधियों के बारे में कोई जानकारी हो तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।