अलवर: मनुमार्ग गुरुद्वारे में गुरुमुख सम्मेलन,  पूर्वजों का लिया आशीर्वाद

अलवर के मनुमार्ग स्थित गुरुद्वारे में आयोजित किए जा रहे गुरुमुख सम्मेलन को लेकर तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। शुक्रवार को सम्मेलन की सफलता के लिए प्रतापबंध स्थित समाधि साहब पर कीर्तन दरबार सजाया गया, जहां संगत ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया। कीर्तन उपरांत विशेष अरदास कर पूर्वजों का आशीर्वाद लिया गया और आयोजन के सफल संपन्न होने की कामना की गई।

इसके साथ ही 14 फरवरी को होने वाले संतों के भंडारे के लिए शहर के सभी मंदिरों और गुरुद्वारे को आमंत्रित किया गया है। इसके लिए सभी को निमंत्रण कार्ड भी बांटे गए हैं। सम्मेलन में शामिल होने के लिए पंजाब, चंड़ीगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम सहित देश के विभिन्न हिस्सों से संगत आनी शुरू हो गई है।

इसके साथ ही 15 से 17 फरवरी तक आयोजित होने वाले तीन दिवसीय गुरुमुख सम्मेलन के मुख्य कार्यक्रमों की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। गुरुद्वारे के पीछे लंगर स्थल पर बांस और बल्लियां लगाकर विशाल पंडाल तैयार किया जा रहा है। आनंद कारज में शामिल होने वाले युवक-युवतियों के लिए स्वागत कक्ष में विशेष हेल्प डेस्क बनाई गई है, जहां पंजीकरण व मार्गदर्शन की व्यवस्था रहेगी। लंगर व्यवस्था के लिए दानदाता व भामाशाह सूखी सामग्री और आर्थिक सहयोग के माध्यम से सक्रिय सहयोग दे रहे हैं। आयोजन को लेकर संगत में खासा उत्साह देखा जा रहा है।