सीएचसी टपूकड़ा में शौचालय के आगे दीवार, मरीजों व परिजनों को भारी परेशानी

टपूकड़ा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) परिसर में नगर पालिका द्वारा बनाए गए सार्वजनिक शौचालय को दीवार खड़ी कर स्थायी रूप से बंद कर दिए जाने का मामला सामने आया है। शौचालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर दीवार बना देने से अब इसका उपयोग पूरी तरह से बंद हो गया है, जिससे अस्पताल आने वाले मरीजों, उनके परिजनों और अन्य लोगों को गंभीर असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि सीएचसी में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। शौचालय बंद होने के कारण बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों के साथ आए परिजनों को इधर-उधर जाना पड़ रहा है। इससे न केवल समय की बर्बादी हो रही है बल्कि स्वच्छता से जुड़ी समस्याएं भी पैदा हो रही हैं।

लोगों ने आरोप लगाया कि नगर पालिका ने बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था के शौचालय बंद कर दिया, जो पूरी तरह गलत है। इसको लेकर अस्पताल परिसर और आसपास के लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका और स्वास्थ्य विभाग से शौचालय को शीघ्र पुनः चालू कराने अथवा अस्पताल परिसर में वैकल्पिक शौचालय की व्यवस्था करने की मांग की है, ताकि मरीजों और आमजन को राहत मिल सके।