Jodhpur News: घूस दो बिजली बिल कम करा दूंगा… 12 हजार की रिश्वत लेते लाइनमैन गिरफ्तार, एसीबी ने बस स्टैण्ड से उठाया

जोधपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ग्रामीण जोधपुर ने फलोदी जिले के नोसर में गुरुवार को 12 हजार रुपए रिश्वत लेने पर जोधपुर डिस्कॉम के तकनीशियन प्रथम लाइनमैन को रंगे हाथों गिरफ्तार किया। उसने गांव में बस स्टैण्ड के पास यह रिश्वत ली। ब्यूरो के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) पारस सोनी के अनुसार दौसा निवासी हरिकिशन मीणा को गिरफ्तार किया गया है।

आरोपी लाइनमैन ने परिवादी को रिश्वत राशि देने के लिए नोसर गांव के बस स्टैण्ड के पास बुलाया, जहां पहुंचकर परिवादी ने लाइनमैन को 12 हजार रुपए दिए। तभी इशारा मिलते ही एएसपी पारस सोनी के नेतृत्व में निरीक्षक अनिल कुमार व टीम ने दबिश दी और लाइनमैन हरिकिशन मीणा को रंगे हाथ दबोच लिया। इसके बाद जीएसएस में ही आरोपी के सरकारी क्वार्टर की तलाशी ली गई है। फिलहाल वहां कोई संदिग्ध सामग्री नहीं मिली है।

12 हजार दो तो बिल कम करा दूंगा…

एसीबी का कहना है कि नोसर गांव निवासी एक व्यक्ति के घरेलू बिजली कनेक्शन का बिल 80 हजार रुपए आ गया था। जबकि उसका एक-दो हजार रुपए बिलआता है। इस संबंध में उसने लाइनमैन हरिकिशन मीणा से सम्पर्क किया था। उसने 12 हजार रुपए घूस देने पर बिल राशि कम कराने का भरोसा दिलाया।

30 जनवरी को हुई थी शिकायत

पीड़ित ने तीस जनवरी को एसीबी से शिकायत की। दो दिन पहले ब्यूरो ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन कराया तो लाइनमैन के रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। फिलहाल इस मामले में किसी अन्य की भूमिका सामने नहीं आई है।