अलवर: राजस्थान के कोटपूतली-बहरोड़ इलाके के नांगल खोड़िया गांव का राहुल यादव (25) कजाकिस्तान में MBBS की पढ़ाई कर रहा था। वह साउथ कजाकिस्तान मेडिकल अकादमी (South Kazakhstan Medical Academy) का छात्र था। सिर्फ 6 महीने बाद, यानी जून 2026 में उसकी MBBS डिग्री पूरी होने वाली थी।
इलाज के दौरान हुई मौत
परिवार वालों ने बताया कि राहुल अपने 4 दोस्तों के साथ 6 जनवरी 2026 को कजाकिस्तान के अल्माटी शहर में घूमने गया था। इसी दौरान अल्माटी शहर के पास एक गांव में उनकी कार का भीषण एक्सीडेंट हो गया। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि राहुल और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। राहुल को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया और (ICU) आईसीयू में रखा गया, लेकिन 9 जनवरी को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
इकलौता बेटा था
राहुल अपने परिवार का इकलौता बेटा था। उसकी एक बड़ी बहन है, जो शादीशुदा है। उसके पिता दीपचंद गुरुग्राम में टैक्सी चलाते हैं और परिवार बहुत मुश्किल से बेटे की पढ़ाई का खर्च उठा रहा था। परिवार को पहले सिर्फ इतना बताया गया था कि राहुल का एक्सीडेंट हुआ है। लेकिन मौत की पूरी जानकारी अभी तक नहीं दी गई है।
ग्रामीण लोगों ने बताया की राहुल का शव शनिवार शाम तक गांव पहुंच जाएगा और यहीं गांव में ही राहुल का अंतिम संस्कार किया जाएगा। परिवार ने राहुल को एक बड़ा डॉक्टर बनने के सपने देखे थे। लेकिन किस्मत ने सब कुछ छीन लिया। इस भीषण हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को गहरे सदमे में बदल दिया है।