भीलवाड़ा। तेलंगाना के विधायक टी. राजा सिंह ने कहा कि राजस्थान में भगवाधारी सरकार है फिर भी हमारी बहन बेटियों के साथ अत्याचार हो रहा है। राजस्थान में लव जिहाद के मामलों को रोकने के लिए सख्ती जरूरी है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का धन्यवाद करते हुए कहा कि धर्मान्तरण कानून तो बना दिया, लेकिन इसे सख्ती से लागू करना सरकार की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि कानून बनाने के बाद भी हमारी बहन-बेटियों को लव जिहाद में फंसाने का प्रयास किया जाता है तो दोषियों को ऐसी सजा मिले कि आने वाली पीढ़ियां भी सबक लें। टी राजा बुधवार को हरिशेवाधाम में आयोजित कटार दीक्षा समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
योगी आदित्यनाथ का उदाहरण दिया
टी. राजा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की प्रशंसा करते हुए कहा कि योगी ने वहां के लव जिहादियों पर नकेल कस दी है। योगी उत्तरप्रदेश का कचरा साफ कर रहे हैं, अब यही काम राजस्थान में भी होना चाहिए। राजस्थान में रोजाना कहीं न कहीं बेटियों के साथ कई जघन्य घटनाएं हो रही हैं। इसे राज्य सरकार के लिए चिंता का विषय बताया। मांडल के देवनारायण मंदिर पर लगे ताले का जिक्र करते हुए कहा कि इसे तुरंत खोला जाना चाहिए।
दुर्गा और काली बनो
उन्होंने शिवाजी और महाराणा प्रताप का उदाहरण देते हुए कहा कि हमें जातिवाद से ऊपर उठकर हिन्दुओं की रक्षा के लिए सतर्क रहना होगा। उन्होंने बालिकाओं से फिल्म ‘द केरल स्टोरी’ देखने का आव्हान किया और कहा कि दुर्गा और काली बनो।
भीलवाड़ा में दुर्गा शक्ति अखाड़े की 9वीं वर्षगांठ पर हुए कार्यक्रम ने शहरवासियों को भाव विभोर कर दिया। आयोजक अखाड़े की महिलाएं तलवार व लाठियों के साथ मार्च करती, देवी-भक्ति के साथ-साथ राष्ट्रीय चेतना और सतर्कता का संदेश देती दिखीं। यह कार्यक्रम देश में अपनी तरह का अनोखा आयोजन है। कार्यक्रम में अखाड़े की बहनों ने पारंपरिक शैली में व्यायाम, शस्त्र प्रदर्शन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। आयोजकों ने बताया कि नौ सालों से यह अखाड़ा लगातार महिला शक्ति को प्रेरित कर रहा है और आने वाले समय में संघर्ष के लिए तैयार रहने का संदेश दे रहा है।
यह वीडियो भी देखें
संचलन मालियों के नोहरे से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होता हुआ हरिशेवा धाम पहुंचकर सभा में बदल गया। इस दौरान 21सौ बालिकाओं को कटार दीक्षा दी गई। समारोह के बाद कन्याओं को भोज कराया गया। समारोह में संकट मोचन हनुमान मंदिर के महंत बाबूगिरी ने भी हिस्सा लिया। वहीं टी. राजा ने हरिशेवा में हंसराम महाराज सान्निध्य एवं गोसेवा मित्रमंडल एवं पर्यावरण संरक्षण चेरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में गोवंश में फैल रही लंपी महामारी को रोकने के लिए बनाए गए औषधीय लड्डुओं को गोवंश को खिलाया।