छात्रवृत्ति के लिए 10 अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन

नेशनल मीन्स कम मेरिट स्कॉलरशिप स्कीम के तहत स्कूल शिक्षा एवं साक्षरता विभाग शिक्षा मंत्रालय भारत सरकार की ओर से चयनित विद्यार्थी छात्रवृत्ति के लिए 10 अक्टूबर तक आवेदन कर सकेंगे। योजना के तहत कक्षा 9 से 12वीं तक प्रतिवर्ष 12 हजार की छात्रवृत्ति दी जाएगी। छात्रवृत्ति में चयन के लिए परीक्षा देनी होगी, जिसमें मानसिक योग्यता व शैक्षिक योग्यता परीक्षण होगा। दोनों के अंक 90-90 निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश का कोटा 5471 है। जिसका जिलेवार व श्रेणीवार वर्गीकरण किया गया है। छात्रवृत्ति की पात्रता के लिए जिला मेरिट में आना आवश्यक है। आवेदक को चयन परीक्षा में न्यूनतम 40 प्रतिशत अंक प्राप्त करने होंगे। एससी व एसटी के आवेदकों को चयन परीक्षा में न्यूनतम कट ऑफ 32 प्रतिशत है, दिव्यांग श्रेणी के आवेदकों को उनकी श्रेणी में 3 प्रतिशत आरक्षण दिया जाएगा।