खुशबू राजपुरोहित के राजस्थान के पाली के जवाहर नगर स्थित ससुराल में प्लेन हादसे के बाद गम छाया रहा। उसके ससुर गजेन्द्रसिंह, जो अहमदाबाद जाते समय तबीयत खराब होने से गुंदोज से ही वापस पाली लौट आए थे। उनकी आंखों से आंसू नहीं सूख रहे।
वे बार-बार कह रहे हैं कि मैंने खुशबू को अभी लंदन नहीं ले जाने का कहा था, लेकिन बच्चों की खुशी के कारण भेजा और गमों का पहाड़ टूट गया। इस घर में खुशबू के आने के बाद से खुशियों की महक बिखरी थी, वहां अब शोक है। खुशबू की पार्थिव देह अहमदाबाद से आने पर गांव में उसका अंतिम संस्कार कर अंतिम विदाई देंगे।
जब प्लेन क्रैश हुआ, विपुल था जॉब पर
पाली के रहने वाला खुशबू के पति विपुल राजपुरोहित उस समय काम पर था, जब पत्नी खुशबू की प्लेन हादसे में मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही विपुल इस्ट लंदन स्थित अपने फ्लैट पर पहुंचा। वहां उनके मित्र केतन राजपुरोहित, मुकेश राजपुरोहित, भवानी राजपुरोहित, दिनेश राजपुरोहित आदि भी पहुंचे और विपुल को संभाला।
पति विपुल राजपुरोहित के साथ खुशबू (फोटो: सोशल मीडिया)
उनके मित्र मितेश राजपुरोहित ने बताया कि वे दो दोस्तों हनवंतसिंह राजपुरोहित बारवा, भंवरसिंह राजपुरोहित साकरणा के साथ कार से डेढ़ घंटे की ड्राइव कर विपुल के पास पहुंचे और उसे सांत्वना दी। मित्र केतन ने विपुल के लिए दिल्ली के लिए टिकट बुक करवाया और रात में वे ही दोस्तों के साथ एयरपोर्ट पर छोड़ने गए।
यह वीडियो भी देखें
प्लेन से विपुल मस्कट होते हुए दिल्ली पहुंचकर पाली के लिए रवाना हुए थे। परिजनों ने बताया कि वे अहमदाबाद नहीं जाएंगे। अहमदाबाद में खुशबू के पिता का डीएनए लिया गया,जिससे खुशबू की देह का पता कर उनको सौंपी जा सके। वहां खुशबू के पिता के साथ उसके देवर यशपाल राजपुरोहित व परिजन बाबूसिंह राजपुरोहित भी हैं।
पहली बार अहमदाबाद से फ्लाइट
खुशबू के ससुर गजेन्द्रसिंह ने बताया कि यह पहली बार है, अहमदाबाद से लंदन की फ्लाइट से खुशबू को रवाना किया था। इससे पहले जब विपुल लंदन गया या आया, वह दिल्ली से ही फ्लाइट में बैठा था। पहली बार लंदन जा रही खुशबू पहली बार ही अहमदाबाद से लंदन को रवाना हुई थी और यह भीषण हादसा हो गया। जो सभी को गम दे गया।
यह भी पढ़ें- सामने आया राजस्थान की खुशबू कंवर का विमान में सवार होने से पहले का Video
केतन की पत्नी जाने वाली थी साथ
मितेश ने बताया कि केतन की पत्नी भी खुशबू के साथ ही लंदन आने वाली थी, लेकिन खुशबू के पारिवारिक कार्य होने से वह दो दिन पहले रवाना होकर लंदन आ गई। खुशबू के लंदन आने के कारण विपुल नए फ्लैट में शिफ्ट हुआ था। केतन ने भी उसके पास ही फ्लैट लिया था।
यह भी पढ़ें- विमान हादसे में कोटा के छात्र की चमत्कारिक ढंग से बच गई जान, पांच दोस्तों की मौत